चीन बांग्लादेश के साथ बीआरआई सहयोग को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है : जिनपिंग

26 Jun 2026 14:35:53
बांग्लादेश के पीएम तारिक रहमान ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से की मुलाकात


बीजिंग, 26 जून (हि.स.)। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने शुक्रवार को कहा कि चीन बांग्लादेश की नई सरकार का समर्थन करता है और दोनों देशों के बीच उच्च गुणवत्ता वाले बेल्ट एंड रोड इनीशिएटिव (बीआरआई) सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

चीन की सरकारी समाचार सेवा शिन्हुआ एवं अन्य मीडिया रिपाेर्टस के अनुसार, बीजिंग में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान के साथ बैठक के दौरान शी जिनपिंग ने कहा कि चीन बांग्लादेश के साथ दीर्घकालिक और रणनीतिक सहयोग का व्यापक खाका तैयार करना चाहता है। उन्होंने हरित एवं निम्न-कार्बन विकास, डिजिटल अर्थव्यवस्था, सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तथा अन्य उभरते क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं को बढ़ाने पर बल दिया।

प्रधानमंत्री तारिक रहमान शुक्रवार सुबह यहां राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिले। इस दौरान उनकी पत्नी ज़ुबैदा रहमान और दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। रहमान चीनी प्रधानमंत्री ली कियांग के निमंत्रण पर चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर चीन पहुंचे हैं।

इससे पहले गुरुवार को बीजिंग स्थित ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल में प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान और चीनी प्रधानमंत्री ली कियांग के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। वार्ता के बाद दोनों देशों ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए 13 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद ली कियांग ने बांग्लादेशी प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में भोज का आयोजन किया।

यात्रा के दौरान बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) के बीच भी पार्टी-स्तरीय सहयोग के लिए एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इसके अलावा चीन के जल संसाधन मंत्री ली गुओयिंग ने भी प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान से मुलाकात की।

तारिक़ रहमान ने 'इन्वेस्ट बांग्लादेश' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चीन के निवेशकों को बांग्लादेश में निवेश के अवसरों से अवगत कराया। इस कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन चाइना काउंसिल फॉर द प्रमोशन ऑफ इंटरनेशनल ट्रेड (सीसीपीआईटी) और बांग्लादेश इन्वेस्टमेंट डेवलपमेंट अथॉरिटी (बीआईडीए) ने किया था।

चीन यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने चाइना इंटरनेशनल डेवलपमेंट कोऑपरेशन एजेंसी, चाइना रेलवे कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन और चाइना रोड एंड ब्रिज कॉरपोरेशन सहित कई प्रमुख औद्योगिक समूहों और निवेशकों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। बैठक में निवेश, व्यापार और बांग्लादेश के विकास में सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा हुई।

इससे पहले प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान ने डालियान में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (डब्ल्यूईएफ) की 'एनुअल मीटिंग ऑफ द न्यू चैंपियंस' यानी 'समर दावोस' सम्मेलन में भाग लिया। सम्मेलन के दौरान उन्होंने विभिन्न देशों के प्रधानमंत्रियों और डब्ल्यूईएफ के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए नई बांग्लादेश सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी।

बांग्लादेश प्रधानमंत्री शुक्रवार शाम स्वदेश के लिए रवाना होंगे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0