(अपडेट ) रामगढ़-बोकारो एनएच-23 पर हुए हादसे में बैंड पार्टी के आठ कलाकारों की मौत, मुख्यमंत्री ने जताय शोक

26 Jun 2026 13:21:53
दुर्घटनाग्रस्त वाहन


घटनास्थल पर मचा कोहराम


आक्रोशित लोगों को समझाती पुलिस


घटनास्थल पर लगी भीड़


रामगढ़, 26 जून (हि.स.)। रामगढ़-बोकारो राष्ट्रीय राजमार्ग-23 पर गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में बैंड पार्टी के आठ कलाकारों की दर्दनाक मौत हो गई। रजरप्पा थाना क्षेत्र के बारलौंग स्थित बुध बाजार के पास एलपी ट्रक और पिकअप वैन के बीच आमने-सामने हुई टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

प्रारंभिक पुलिस जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है। पुलिस के अनुसार ट्रक गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में आ गया था, जिससे यह हादसा हुआ। दुर्घटना में रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमर्चा गांव निवासी अनोद कुमार (पिता धनुराम ओहदार), पप्पू करमाली (पिता दिलीप करमाली), पवन करमाली (पिता स्वर्गीय लखी करमाली), अशोक कुमार (पिता गल्लू डोम), शक्ति कुमार (पिता गल्लू डोम), डेविड करमाली (पिता अमित करमाली) तथा हजारीबाग जिले के दाढ़ी प्रखंड के कठहरवा गांव निवासी मनीष कुमार (पिता श्रीकांत महतो) और हेमंत कुमार महतो (पिता सोहन महतो) की मौत हुई है। शुक्रवार को सभी शवों का पोस्टमार्टम रामगढ़ सदर अस्पताल में कराया गया।

पुलिस के मुताबिक, रजरप्पा की ओर से रामगढ़ आ रहा एलपी ट्रक (जेएच-02 एए-4786) और विपरीत दिशा से जा रही पिकअप वैन (जेएच-02 क्यू-8268) बारलौंग के समीप आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो और घायलों की मौत हो गई। एक अन्य घायल को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

दुर्घटना के बाद सदर अस्पताल का माहौल बेहद मार्मिक हो गया। जैसे ही मृतकों के शव और घायल अस्पताल पहुंचे, परिजनों की चीख-पुकार से पूरा परिसर गूंज उठा। अपनों को खोने का गम हर परिवार के चेहरे पर साफ दिखाई दे रहा था। अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन जमा हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आलोक रंजन, रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार तथा रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और यातायात को सामान्य कराया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बलसगरा से दो लोग पिकअप वैन लेकर मारंगमर्चा गांव पहुंचे थे। वहां से गांव के छह अन्य बैंड कलाकारों को लेकर सभी एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए वापस बलसगरा जा रहे थे। इसी दौरान बारलौंग के पास तेज रफ्तार एलपी ट्रक ने गलत दिशा में आकर पिकअप वैन को टक्कर मार दी। प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही हादसे का मुख्य कारण सामने आई है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश के साथ मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

इस बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए दिवंगतों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी अपने संदेश में कहा कि लारी-बरलौंग के पास हुए सड़क हादसे में सात लोगों की मौत की सूचना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने मरांग बुरु से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति दें।

हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार हादसे से प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही मृतकों के परिजनों को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की बात भी कही है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Powered By Sangraha 9.0