
मुरादाबाद, 26 जून (हि.स.)। मुरादाबाद नेक्स्ट जेन क्रिकेट प्रीमियर लीग में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में नेक्स्ट जनरेशन ने चिल्ड्रंस क्रिकेट एकेडमी को सात विकेट से शिकस्त दे दी। ऑलराउंडर प्रदर्शन के लिए देव आर्य को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन मुरादाबाद के सचिव व पूर्व रणजी खिलाड़ी विजय गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि पारकर क्रिकेट ग्राउंड पर आज खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चिल्ड्रंस क्रिकेट एकेडमी की टीम 25.2 ओवर में 127 रन पर सिमट गई। प्रिंश सिंह ने 50 रन बनाकर संघर्ष किया, जबकि रिषभने 23 और आदर्श ने 10 रन का योगदान दिया। नेक्स्ट जनरेशन की टीम की ओर से देव आर्य ने चार विकेट लेकर बल्लेबाजी क्रम को झकझोर दिया। नितिन ने तीन विकेट हासिल किए।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए नेक्स्ट जनरेशन ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और 14 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 129 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। चौधरी सोहिब ने 29 गेंदों में 63 रन की विस्फोटक पारी खेली। अरीब कमाल ने 27, आरिज आलम सिद्दीकी ने 16 और मोहम्मद समर ने नाबाद 10 रन बनाए। ऑलराउंडर प्रदर्शन के लिए देव आर्य को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल