
नई दिल्ली, 26 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को महान साहित्यकार बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय और सामाजिक न्याय के प्रणेता राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय को एक ऐसे महान साहित्यिक व्यक्तित्व के रूप में याद किया, जिनकी रचनाओं ने भारतीयों की कई पीढ़ियों में देशभक्ति और सांस्कृतिक गौरव की भावना को प्रज्वलित किया।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर अपने संदेश में बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि एक महान साहित्यकार के रूप में, उनकी रचनाओं ने पीढ़ियों से भारतीयों में देशभक्ति और सांस्कृतिक गौरव की भावना को जागृत किया है। उनका समृद्ध साहित्यिक कार्य आज भी हमारे मन को प्रकाशित करता है और राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारे सामूहिक संकल्प को मजबूत करता है।
इस वर्ष के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने उल्लेख किया कि देश वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ मना रहा है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम के माध्यम से बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्र को प्रेरणा के सबसे चिरस्थायी स्रोतों में से एक प्रदान किया।
एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वे सामाजिक न्याय और समानता के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने अपना जीवन वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उनके महान कार्य और आदर्श आने वाले युगों तक राष्ट्र का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी