ओटीटी पर आई 'राजा शिवाजी'

26 Jun 2026 12:23:53
रितेश देशमुख - फोटो सोर्स एक्स


अभिनेता और निर्देशक रितेश देशमुख की चर्चित पीरियड ड्रामा फिल्म 'राजा शिवाजी' अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो गई है। मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित यह फिल्म 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन के बाद अब दर्शक इसे हिंदी और मराठी दोनों भाषाओं में नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।

नेटफ्लिक्स ने फिल्म के ओटीटी प्रीमियर की घोषणा करते हुए रितेश देशमुख का दमदार पोस्टर शेयर किया और कैप्शन में लिखा, विरोध करने आ रहे हैं राजे। फिल्म में रितेश देशमुख ने छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभाई है, जबकि जेनेलिया डिसूजा उनकी पत्नी के किरदार में नजर आई हैं। इसके अलावा अभिषेक बच्चन ने संभाजी शाहजी भोसले, संजय दत्त ने मुगल सेनापति अफजल खान और सलमान खान ने विशेष कैमियो भूमिका निभाई है।

बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म ने इतिहास रचते हुए दुनियाभर में 130 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया। वहीं घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली यह पहली मराठी फिल्म बन गई। भव्य प्रस्तुति, दमदार अभिनय और ऐतिहासिक कथा के चलते फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से भरपूर सराहना मिली थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0