
लंदन, 26 जून (हि.स.)। एफआईएच प्रो लीग 2026 के यूरोपीय दौरे में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को गुरुवार को मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ कड़े मुकाबले में शूटआउट में 1-4 से हार का सामना करना पड़ा। निर्धारित समय तक मुकाबला 2-2 से बराबरी पर रहा, लेकिन शूटआउट में इंग्लैंड ने बोनस अंक अपने नाम कर लिया।
भारत के लिए दिलप्रीत सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10वें और 58वें मिनट में दो गोल दागे। वहीं इंग्लैंड की ओर से डेविड गुडफील्ड ने 29वें मिनट और निकोलस बंडुराक ने 56वें मिनट में गोल किए।
मुकाबले की शुरुआत भारत ने आक्रामक अंदाज में की। 10वें मिनट में मनदीप सिंह के शानदार पास पर दिलप्रीत सिंह ने डाइव लगाकर गेंद को गोल में पहुंचाते हुए भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई।
दूसरे क्वार्टर में भारत बढ़त दोगुनी करने के करीब पहुंचा, लेकिन इंग्लैंड के रक्षक थॉमस सोर्सबी ने गोल लाइन पर शानदार बचाव किया। इसके बाद 29वें मिनट में डेविड गुडफील्ड ने फील्ड गोल कर इंग्लैंड को 1-1 की बराबरी दिला दी।
तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों को कई मौके मिले, लेकिन मजबूत रक्षण के चलते कोई भी गोल नहीं हो सका।
चौथे और अंतिम क्वार्टर में इंग्लैंड ने लगातार दबाव बनाए रखा और 56वें मिनट में निकोलस बंडुराक ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर टीम को 2-1 से आगे कर दिया। हालांकि भारत ने हार नहीं मानी और दो मिनट बाद सुमित के शानदार मूव पर दिलप्रीत सिंह ने जोरदार शॉट लगाकर मुकाबला 2-2 से बराबर कर दिया।
शूटआउट में इंग्लैंड ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। थॉमस सोर्सबी, जेम्स अल्बरी और कप्तान जैकरी वालेस ने अपने प्रयास सफल किए। एक पेनाल्टी स्ट्रोक भी इंग्लैंड को मिला, जिसे वालेस ने गोल में बदल दिया। भारत की ओर से केवल कप्तान हरमनप्रीत सिंह ही शूटआउट में गोल करने में सफल रहे।
इस हार के साथ भारत को एक अंक मिला, जबकि इंग्लैंड ने शूटआउट जीतकर बोनस अंक हासिल किया।
भारतीय टीम अब अपने अगले मुकाबले में 26 जून को भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे पाकिस्तान से भिड़ेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे