विकसित भारत का मार्ग कृषि और किसानों की समृद्धि से होकर जाता है: शिवराज सिंह चौहान

26 Jun 2026 17:47:53
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान पंतनगर विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय पूर्व छात्र सम्मेलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए।


पंतनगर विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय पूर्व छात्र सम्मेलन कार्यक्रम  में  केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित अन्य।


केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान धान की रोपाई करते हुए।


-पंतनगर विश्वविद्यालय भारतीय कृषि का गौरवशाली केंद्र

पंतनगर (ऊधमसिंह नगर), 26 जून (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा,जब कृषि विकसित होगी और किसान समृद्ध होंगे। भारतीय कृषि जलवायु परिवर्तन सहित कई चुनौतियों का सामना कर रही है,जिनका समाधान वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार से ही संभव है। उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों और विश्वविद्यालयों से भविष्य की चुनौतियों के समाधान में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

पंतनगर विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय पूर्व छात्र सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मंत्री ने कहा कि गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय,पंतनगर भारतीय कृषि के इतिहास का गौरवशाली केंद्र है,जिसने देश को वैज्ञानिक,नीति-निर्माता,कृषि उद्यमी और उत्कृष्ट मानव संसाधन देकर कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी है।

श्री चौहान ने कहा कि हरित क्रांति की पावन भूमि पंतनगर में आकर वह स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश आज लगभग 377 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन कर रहा है और चावल उत्पादन में भारत विश्व में पहले स्थान पर पहुंच चुका है। गेहूं उत्पादन भी अधिशेष है और भारतीय गेहूं और बासमती चावल की वैश्विक मांग लगातार बढ़ रही है। उन्होंने इन उपलब्धियों का श्रेय कृषि वैज्ञानिकों और पंतनगर विश्वविद्यालय जैसे संस्थानों को दिया।

उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, गिरता भूजल स्तर,मिट्टी की गुणवत्ता में गिरावट और रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग जैसी चुनौतियों का समाधान वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार से ही संभव है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा,जब कृषि विकसित होगी और किसान समृद्ध होंगे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह पंतनगर सिखाने नहीं, बल्कि सीखने आए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और कृषि विशेषज्ञों से संवाद को भारतीय कृषि के भविष्य से संवाद बताया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी से कम से कम अपने जन्मदिन पर एक पौधा लगाने की अपील की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विकसित उत्तराखंड के निर्माण में विश्वविद्यालयों के पूर्व छात्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पूर्व छात्रों से कृषि,अनुसंधान,नवाचार, स्टार्टअप और युवाओं के मार्गदर्शन में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं,बल्कि देश की हरित क्रांति का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पर्वतीय कृषि छोटे जोत,जंगली जानवरों से फसलों को नुकसान,पलायन,सीमित बाजार और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है,जिनका समाधान अनुसंधान,नवाचार और सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।

उन्होंने पूर्व छात्रों से किसानों और युवाओं को आधुनिक कृषि तकनीक,जैविक एवं प्राकृतिक खेती, कृषि प्रसंस्करण,मूल्य संवर्धन,डिजिटल मार्केटिंग और कृषि उद्यमिता के क्षेत्र में मार्गदर्शन देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्टार्टअप,कौशल विकास और कृषि आधारित नवाचार को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए नए अवसर सृजित कर रही है।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य गठन के बाद कृषि भूमि कम होने के बावजूद कृषि उत्पादन में लगभग तीन लाख टन की वृद्धि हुई है। उन्होंने पंतनगर विश्वविद्यालय को हेरिटेज विश्वविद्यालय घोषित किए जाने की मांग भी की।

शिवराज और धामी ने विद्यार्थियों के साथ की धान की रोपाई:

इससे पहले केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर स्थित संग्रहालय और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की ओर से लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। दोनों नेताओं ने कृषि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों से संवाद किया और उनके साथ धान की रोपाई में भी हिस्सा लिया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट,विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, बंशीधर भगत, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, हुकम सिंह कुंवर, रणजीत सिंह नामधारी, सचिव डॉ. एसएन पांडे, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, कुलसचिव दीपा विनय सहित अनेक अधिकारी एवं पूर्व छात्र उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Powered By Sangraha 9.0