वेनेजुएला में भूकंप से कम से कम 235 लोगों की मौत

26 Jun 2026 08:28:53
तबाही के बाद ... बचावकर्मी मलबे में जिंदगी की तलाश कर रहे।  फोटो -  इंटरनेट मीडिया


काराकस (वेनेजुएला), 26 जून (हि.स.)। वेनेजुएला में भूकंप से भारी तबाही हुई है। मात्र चालीस सेकंड में दो बार भूकंप के शक्तिशाली झटके झेल चुके लोगों को अभी भी भू-गर्भीय हलचल होने का डर सता रहा है। भूकंप से अब तक कम से कम 235 लोगों की जान चुकी है और 1500 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। सबसे पहले लोगों को 7.2 तीव्रता के भूकंप का झटका मसहूस हुआ। इसका असर वेनेजुएला और कैरिबियन के अन्य इलाकों में भी हुआ। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, एक मिनट से भी कम समय के अंदर 7.5 तीव्रता का एक और झटका (आफ्टरशॉक) महसूस किया गया।

वेनेजुएला के अखबार एल नेशनल, एल पैस यूएसए और अल जजीरा न्यूज चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, इस समय बचाव दल गिरी हुई इमारतों के मलबे में जिंदा दबे लोगों को निकालने की कोशिश में जुटे हैं। वेनेजुएला को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मदद और मानवीय सहायता के कई प्रस्ताव मिले हैं। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे का अनुमान है कि मरने वालों की संख्या हजारों में पहुंच सकती है। एजेंसी ने यह भी चेतावनी दी है कि भूकंप के बाद झटके (आफ्टरशॉक्स) आने की पूरी संभावना है। इस बात की लगभग 30 फीसद संभावना है कि रिक्टर स्केल पर इनकी तीव्रता 6 से ज्यादा हो सकती है।

यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के ऑटोमेटेड हजार्ड असेसमेंट सिस्टम ने संभावित भूस्खलन और लिक्विफैक्शन (मिट्टी के तरल होने की प्रक्रिया) की चेतावनी दी है। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे का अनुमान है कि मरने वालों की संख्या 10,000 से 100,000 के बीच होने की 42 प्रतिशत संभावना है। इससे 10 बिलियन डालर से 100 बिलियन डालर के बीच आर्थिक नुकसान हो सकता है।

वेनेजुएला भूकंप के लिहाज से बहुत जोखिम वाला इलाका है। यह कैरिबियन और दक्षिण अमेरिकी टेक्टोनिक प्लेटों की सीमा के पास स्थित है, जो लगभग विपरीत दिशाओं में चलती हैं। इससे भूकंप का तनाव पैदा होता है। ये दोनों भूकंप बोकोनो फॉल्ट के पास आए, जो देश के सबसे सक्रिय और खतरनाक फॉल्ट में से एक है। वेनेजुएला के भूकंपीय अनुसंधान फाउंडेशन के अनुसार, अभी लगभग 80 प्रतिशत आबादी भूकंप के ज्यादा जोखिम वाले इलाकों में रहती है।

सबसे विनाशकारी भूकंप जुलाई 1967 में काराकस में आया था। इसमें लगभग 240 लोगों की मौत हो गई थी। कई ऊंची रिहायशी इमारतें ढह गई थीं। वेनेजुएला में1900 के बाद से देश के उत्तरी हिस्से या तट के पास 7 या उससे अधिक तीव्रता के पांच भूकंप आ चुके हैं। इससे पहले 1812 में आए भीषण भूकंप ने देश को हिलाकर रख दिया। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, इसमें लगभग 30,000 लोगों की मौत हुई थी।

इस बीच इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ द रेडक्रॉस ने वेनेजुएला के लिए कम से कम 40 टन मानवीय सहायता की शुरुआती खेप भेजने के साथ एक इमरजेंसी लॉजिस्टिक्स ऑपरेशन शुरू करने की घोषणा की है। अमेरिका और यूरोप की प्रमुख एयरलाइंस इबेरिया, एयर यूरोपा, कोपा एयरलाइंस, एवियांका और लाताम ने काराकस के लिए अपनी उड़ानें अनिश्चितकाल के लिए रद्द कर दी हैं।

अमेरिका ने वेनेजुएला के प्रति अपना समर्थन दोहराया और कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन की प्राथमिकता जनहित में खोज और बचाव कार्यों में सहयोग करना है। अमेरिकी विदेश विभाग की स्पेनिश भाषा की प्रवक्ता नतालिया मोलानो ने बताया कि आपदा के पहले कुछ घंटों के भीतर ही व्हाइट हाउस ने वेनेजुएला के लिए संसाधन जुटाने हेतु विभिन्न संघीय एजेंसियों के बीच समन्वित प्रतिक्रिया शुरू कर दी थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0