मंत्री अग्निमित्रा पाल ग्लोबल वूमेन ऑफ इंपैक्ट अवार्ड के लिए नामित, शिकागो में होगा सम्मान समारोह

26 Jun 2026 18:20:53
निमंत्रण पत्र देते संस्था के पदाधिकारी


कोलकाता, 26 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में शहरी विकास और नगरपालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि मिली है। उन्हें अमेरिकन मल्टी एथेनिक कमिशन (एएमईसी) द्वारा आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित 15वां वार्षिक एएमईसी कांग्रेसनल ग्लोबल चैंपियन गाला 2026 में ग्लोबल वीमेन ऑफ़ इंपैक्ट अवार्ड के लिए नामित किया गया है।

इसी क्रम में शुक्रवार को उन्हें एएमईसी संस्था के अधिकारी विजय प्रभाकर के हाथों कार्यक्रम का आधिकारिक आमंत्रण पत्र सौंपा गया। यह सम्मान समारोह आगामी 25 जुलाई, 2026 को अमेरिका के शिकागो शहर में आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर मंत्री अग्निमित्रा पाल ने अपनी खुशी और आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह नामांकन केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं बल्कि समाज के लिए किए गए कार्यों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान है। उन्होंने आयोजकों के प्रति धन्यवाद जताते हुए कहा कि ऐसे सम्मान भविष्य में और अधिक समर्पण एवं जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

गौरतलब है कि, एएमईसी कांग्रेसनल ग्लोबल चैंपियन गाला कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वैश्विक व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष आयोजित होने वाले समारोह में मंत्री अग्निमित्रा पाल की उपस्थिति भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

Powered By Sangraha 9.0