
नई दिल्ली, 26 जून (हि.स.)।
भारतीय जनता पार्टी को जानो के तहत शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में यूरोपीय संघ के 23 सदस्य देशों के मिशन प्रमुखों और भारत में यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल के राजदूत के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संवाद किया। इस अवसर पर भाजपा के विदेश मामलों के प्रभारी विजय चैथाईवाला और सांसद अनिल बलूनी भी मौजूद रहे।
संवाद के बाद नितिन नवीन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किए अपने बयान में कहा कि भारत में यूरोपीय संघ के 23 सदस्य देशों के मिशन प्रमुखों और भारत में यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल के राजदूत के साथ सार्थक संवाद हुआ। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक यात्रा, उसके मजबूत संगठनात्मक ढांचे और जनसेवा के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता को साझा किया। साथ ही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ ऊर्जा, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में भारत की परिवर्तनकारी प्रगति पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
उन्होंने कहा किभारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के साथ हमारी साझेदारी एक नए अध्याय में प्रवेश कर रही है। इस दौरान भारत और यूरोपीय संघ के बीच भविष्य में सहयोग को और अधिक गहरा करने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी