मप्र में झमाझम बारिश, आकाशीय बिजली गिरने से 6 लोगों की मौत और 7 घायल

युगवार्ता    27-Jun-2026
Total Views |
भोपाल में हुई झमाझम बारिश


भोपाल, 27 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में शनिवार को कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने से अलग-अलग घटनाओं में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग झुलस गए। इनमें चार बच्चे भी शामिल हैं।

मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में मानसून ने दस्तक दे दी है। इसी बीच शनिवार को राजधानी भोपाल समेत कई जिलों में शनिवार को झमाझम बारिश हुई। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने से सीहोर में दो युवकों, दमोह में एक, मंदसौर में एक युवक और रायसेन में एक किसान की मौत हो गई। वहीं, पांढुर्णा में भी खेत में काम कर रहे एक किसान की जान चली गई।

भोपाल में दिनभर तेज धूम के बाद शनिवार की रात गरज चमक के साथ बारिश शुरू हो गई और देर रात जमकर पानी गिरा। इस दौरान कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। इधर मानसून की पहली तेज बारिश और आंधी ने शिवपुरी में भारी तबाही मचाई। तेज हवा से कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। एक ढाबा और मकान ढह गया। कार, बाइक और पेट्रोल पंप को नुकसान पहुंचा। वहीं, रतलाम में बारिश से सड़कें और अंडरब्रिज जलमग्न हो गए। झाबुआ में भी कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई। विदिशा में भी तेज गर्मी के बाद शाम होते ही गरज-चमक के साथ बारिश हुई। लोगों को गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश के 15 जिलों में एंट्री करने के बाद मानसून ठहर गया है। तीन दिन से मानसून आगे नहीं बढ़ा है, जबकि अगले 2 से 3 दिन और इंतजार करना पड़ सकता है। मानसून आगे बढ़ा तो पहले यह भोपाल-उज्जैन संभाग में पहुंचेगा। आखिरी में ग्वालियर-चंबल में दस्तक देगा।

गौरतलब है कि 24 जून को प्रदेश में मानसून की एंट्री हुई थी। आलीराजपुर, इंदौर, हरदा, धार, बैतूल, खंडवा, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, खरगोन, सिवनी, बालाघाट, मंडला, बड़वानी, डिंडौरी में 24 जून को मानसून के आने की घोषणा हो गई थी, लेकिन इसके बाद यह आगे नहीं बढ़ा। इसी बीच शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली। रतलाम में दोपहर बाद तेज गर्जना के साथ मूसलाधार बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया। वहीं धार जिले की कुक्षी तहसील के बाग क्षेत्र में करीब 40 मिनट तक तेज बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रतलाम में पिछले 9 घंटे में 40 मिमी बारिश हुई। छिंदवाड़ा में 36 मिमी और धार में 28 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं पिछले 24 घंटे में सिवनी में 47.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जो प्रदेश में सबसे अधिक रही। बारिश के चलते खंडवा (30.5 डिग्री), खरगोन (30.4 डिग्री), बैतूल (31.2 डिग्री) और पचमढ़ी (30.6 डिग्री) जैसे शहरों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दूसरी ओर खजुराहो में 41.6 डिग्री और ग्वालियर में 41.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जिससे इन इलाकों में गर्मी का असर बना रहा।

सीहोर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हो गई और एक बुरी तरह झुलस गया।पहली घटना लसूडिया बोडी गांव की है। यहां भरत जांगड़ा (26) और दौलत सिंह खेत में फसलों पर दवा का छिड़काव कर रहे थे। इसी दौरान तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे दोनों इसकी चपेट में आ गए। दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलकिसगंज ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान भरत जांगड़ा की मौत हो गई। दौलत सिंह का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

वहीं, दूसरी घटना इछावर थाना क्षेत्र के सिराडी गांव की है। यहां 18 वर्षीय पवन पिता राधेश्याम अपनी मां के साथ घर के आंगन में बैठकर मोबाइल चला रहा था। तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उस पर गिर गई। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, पवन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलने पर इछावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।

वहीं, दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र के माला मानगढ़ गांव में शनिवार शाम एक झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि परिवार के छह अन्य गंभीर रूप से झुलस हो गए। इसमें चार बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान 28 वर्षीय रतन आदिवासी के रूप में हुई है, जो माला मानगढ़ गांव का निवासी था। घटना के बाद, 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को पहले नोहटा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी देते हुए परिवार के सदस्य कोदू सिंह ने बताया कि शनिवार शाम करीब 5 बजे परिवार के सभी लोग झोपड़ी के अंदर मौजूद थे। इसी दौरान आकाशीय बिजली झोपड़ी पर गिरी, जिससे सात लोग झुलस गए।

इसके अलावा मंदसौर में एक युवक और रायसेन में एक किसान की मौत हो गई। वहीं, पांढुर्णा में भी खेत में काम कर रहे एक किसान की भी जान चली गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags