65वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मप्र के समरदीप सिंह ने जीता रजत पदक

युगवार्ता    27-Jun-2026
Total Views |
मप्र के समरदीप सिंह ने एशियाई खेल 2026 के लिए किया क्वालीफाई


- पुरुष शॉट पुट स्पर्धा में 20.40 मीटर के शानदार प्रदर्शन के साथ एशियाई खेल 2026 के लिए किया क्वालीफाई

भोपाल, 27 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ी समरदीप सिंह ने ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में चल रही 65वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शनिवार को पुरुष शॉट पुट स्पर्धा में 20.40 मीटर का प्रभावशाली थ्रो करते हुए रजत पदक अर्जित किया।

भुवनेश्वर में 65वीं राष्ट्रीय अंतर्राज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन 24 से 28 जून 2026 तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता के चौथे दिन शनिवार को सायंकालीन सत्र में आयोजित पुरुष शॉट पुट स्पर्धा में समदीप सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

एशियाई खेल 2026 के लिए किया क्वालीफाई

समरदीप सिंह ने अपने शानदार प्रदर्शन के बल पर एशियाई खेल 2026 के लिए निर्धारित क्वालीफिकेशन मानक भी प्राप्त कर लिया है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने न केवल पदक हासिल किया, बल्कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर भी सुनिश्चित किया।

खेल मंत्री सारंग ने दी बधाई

मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने समरदीप सिंह को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समरदीप आगामी एशियाई खेलों में भी देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

उन्होंने कहा कि समरदीप सिंह की यह सफलता प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है। उनकी उपलब्धि यह दर्शाती है कि समर्पण, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags