नेपाल में बर्ड फ्लू का बढ़ता प्रकोप, 11 जिलों के 82 स्थानों पर संक्रमण की पुष्टि

27 Jun 2026 20:11:53
काठमांडू में बर्ड फ्लू फैलने वाला पोल्ट्री फार्म


काठमांडू, 27 जून (हि.स.)। नेपाल में बर्ड फ्लू संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। 11 जिलों के 82 स्थानों पर संक्रमण की पुष्टि होने के बाद अधिकारियों ने निगरानी और रोग नियंत्रण उपायों को और कड़ा कर दिया है।

पशु सेवा विभाग के अनुसार अत्यधिक संक्रामक H5N1 एवियन इन्फ्लुएंजा पिछले तीन महीनों में काठमांडू में तेजी से फैला है। वर्तमान में सबसे अधिक जोखिम काठमांडू, ललितपुर, भक्तपुर और काभ्रेपलाञ्चोक जिलों में देखा गया है।

इस संक्रमण का पहला मामला मार्च में मोरंग में पाया गया था। इसके बाद यह झापा, सुनसरी, महोत्तरी, बारा, चितवन, नवलपरासी, काठमांडू, भक्तपुर, ललितपुर और काभ्रेपलाञ्चोक तक फैल चुका है।

विभाग के महानिदेशक डॉ. उमेश दाहाल ने बताया कि संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए अब तक 5 लाख 69 हजार 858 पक्षियों को नष्ट किया जा चुका है। इसके अलावा, नियंत्रण अभियान के तहत 9 लाख 89 हजार 313 अंडे और 1,954.85 क्विंटल पोल्ट्री फ़ीड भी नष्ट की गई है।

विभाग ने उपमहानिदेशक के नेतृत्व में बर्ड फ्लू रोग नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। साथ ही संघीय, प्रांतीय और स्थानीय सरकारों के समन्वय में प्रभावित क्षेत्रों में तकनीकी टीमों को तैनात किया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, बारा, महोत्तरी, चितवन, नवलपरासी, झापा, मोरंग और सुनसरी सहित कई जिलों में स्थिति नियंत्रण में आ चुकी है। हालांकि, काठमांडू के कुछ हिस्सों में अभी भी संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे सतर्कता बढ़ा दी गई है।

निगरानी को और मजबूत बनाने के लिए विभाग ने राष्ट्रीय जनस्वास्थ्य प्रयोगशाला के सहयोग से H5N1 वायरस की जीन सीक्वेंसिंग भी शुरू कर दी है, ताकि वायरस में संभावित आनुवंशिक बदलावों की पहचान की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0