डीडीसीए हॉट वेदर टूर्नामेंट: मद्रास सीसी ने गोल्डन हॉक्स सीसी को 127 रन से हराकर जीता खिताब

27 Jun 2026 15:01:55
मद्रास सीसी और गोल्डन हॉक्स सीसी के बीच मैच से पहले टॉस होते हुए।


नई दिल्ली, 27 जून (हि.स.)। डीडीसीए हॉट वेदर टूर्नामेंट 2026 के फाइनल में मद्रास सीसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्डन हॉक्स सीसी को 127 रन से हराकर प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया।

डीडीसीए की ओर से शनिवार को जारी बयान के अनुसार शुक्रवार को सेंट स्टीफंस ग्राउंड पर खेले गए फाइनल मुकाबले में मद्रास सीसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवर में छह विकेट पर 361 रन का विशाल स्कोर बनाया।

मद्रास सीसी की ओर से सार्थक रंजन ने 77 गेंदों पर 104 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि अनमोल शर्मा ने केवल 42 गेंदों में 87 रन बनाए। प्रिक्षित ने भी 48 रन का अहम योगदान दिया।

जवाब में गोल्डन हॉक्स सीसी की टीम 30.2 ओवर में 234 रन पर सिमट गई। अंकित कुमार (55) और धनंजय सिंह (54) ने अर्धशतक लगाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। फाइनल में बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले वैभव कांडल (41 रन और 3 विकेट) को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दिल्ली क्रिकेट की विरासत है हॉट वेदर टूर्नामेंट : अशोक शर्मा

फाइनल के बाद डीडीसीए सचिव अशोक शर्मा ने कहा कि हॉट वेदर टूर्नामेंट दिल्ली क्रिकेट की सबसे पुरानी और प्रतिष्ठित क्लब प्रतियोगिताओं में से एक है।

उन्होंने कहा, हॉट वेदर टूर्नामेंट दिल्ली क्रिकेट के लिए बेहद खास है। हर साल खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में खेलने का इंतजार करते हैं। मोहिंदर अमरनाथ से लेकर गौतम गंभीर जैसे भारतीय क्रिकेट के दिग्गज इस टूर्नामेंट का हिस्सा रह चुके हैं, यही इसकी सबसे बड़ी पहचान है।

उन्होंने गर्म मौसम में खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भी सराहना करते हुए कहा कि ऐसी परिस्थितियां युवा खिलाड़ियों को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाती हैं।

दिल्ली क्रिकेट की रीढ़ हैं क्लब

अशोक शर्मा ने क्लबों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि दिल्ली क्रिकेट की सफलता का सबसे बड़ा आधार उसके क्लब हैं।

उन्होंने कहा,क्लब कम उम्र में प्रतिभाओं की पहचान करते हैं और पूरे साल उन्हें तैयार करते हैं। दिल्ली क्रिकेट हमेशा क्लब प्रणाली की मजबूती पर खड़ा रहा है और आज भी यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है।

अब दिल्ली प्रीमियर लीग पर नजर

घरेलू सत्र समाप्त होने के बाद अब सभी की निगाहें दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) और 1 जुलाई को होने वाली खिलाड़ी नीलामी पर रहेंगी।

अशोक शर्मा ने कहा कि पूरे सीजन में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को डीपीएल के जरिए बड़ा मंच मिलेगा।

उन्होंने कहा, डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली हमेशा खिलाड़ियों के लिए अधिक अवसर उपलब्ध कराने के पक्षधर रहे हैं और डीपीएल इस दिशा में एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है।''

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0