डीएसजेए ने राजा रणधीर सिंह और जसपाल राणा को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

27 Jun 2026 18:52:53
डीएसजेए ने राजा रणधीर सिंह और जसपाल राणा को श्रद्धांजलि दी


नई दिल्ली, 27 जून (हि.स.)। दिल्ली स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (डीएसजेए) ने शनिवार को भारतीय निशानेबाजी के दो दिग्गजों राजा रणधीर सिंह और जसपाल राणा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए एक शोकसभा का आयोजन किया। इस दौरान दोनों महान हस्तियों के खिलाड़ी, कोच, मार्गदर्शक और खेल प्रशासक के रूप में भारतीय निशानेबाजी में दिए गए अमूल्य योगदान को याद किया गया।

शोकसभा में वक्ताओं ने राजा रणधीर सिंह की भारतीय खेल प्रशासन में अग्रणी भूमिका और देश में निशानेबाजी के विकास में उनके योगदान को रेखांकित किया। वहीं, जसपाल राणा को महान निशानेबाज और सफल कोच के रूप में याद किया गया, जिनके मार्गदर्शन में मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा।

वरिष्ठ खेल पत्रकारों, खेल हस्तियों और निशानेबाजी जगत से जुड़े लोगों ने दोनों दिग्गजों से जुड़ी यादें साझा कीं।

वरिष्ठ पत्रकार नॉरिस प्रीतम ने दोनों के साथ बिताए कई संस्मरण सुनाए। इसके अलावा वी. कृष्णास्वामी, जी. राजारमन, विपिन बहुगुणा, राकेश थपलियाल, दिग्विजय सिंह देव, विनायक पद्मदेव सहित कई वरिष्ठ पत्रकारों ने श्रद्धांजलि दी। अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज रंजन सोढ़ी और अंजुम मौदगिल ने भी अपने विचार रखे।

डीएसजेए के सचिव साबी हुसैन ने कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए दोनों दिग्गजों के योगदान को याद किया, जबकि कोषाध्यक्ष रौशन झा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर हाल ही में दिवंगत हुए खेल पत्रकार सी. एस. रामचंद्रन, एस. संथानम, केवल कौशिक, सुरेश कौशिक, रविकांत सिंह और आदेश गुप्ता को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

शोकसभा में राजा रणधीर सिंह की पत्नी, उनकी बेटी महिमा, पोती सिया तथा जसपाल राणा के भाई सुभाष भी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में खेल पत्रकारों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने दोनों महान हस्तियों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके योगदान को भारतीय खेल इतिहास की अमूल्य विरासत बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0