विश्वनाथन आनंद फिडे उपाध्यक्ष पद से हटेंगे, ड्वोरकोविच तीसरे कार्यकाल की दौड़ में

29 Jun 2026 20:26:53

नई दिल्ली, 29 जून (हि.स.)। पांच बार के विश्व शतरंज चैंपियन विश्वनाथन आनंद अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फिडे) के उपाध्यक्ष पद से हट सकते हैं। यदि मौजूदा अध्यक्ष अर्कादी ड्वोरकोविच तीसरी बार अध्यक्ष चुने जाते हैं, तो उपाध्यक्ष पद के लिए कजाखस्तान शतरंज महासंघ के अध्यक्ष तिमूर तुर्लोव को उम्मीदवार बनाया जाएगा।

हालांकि, आनंद ड्वोरकोविच की टीम के साथ जुड़े रहेंगे और आगामी चुनाव अभियान के साथ-साथ FIDE की विभिन्न गतिविधियों में अपनी भूमिका निभाते रहेंगे।

ड्वोरकोविच, जो वर्ष 2018 से फिडे के अध्यक्ष हैं, ने सितंबर में उज्बेकिस्तान में होने वाले 46वें शतरंज ओलंपियाड के दौरान होने वाले महासभा चुनाव में तीसरी बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने की घोषणा की है। इससे पहले वादिम रोसेनस्टीन और जान ब्यूटनर भी अपनी उम्मीदवारी का ऐलान कर चुके हैं।

ड्वोरकोविच ने अपने पिछले दो कार्यकालों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दौरान फिडे को मजबूत किया गया, वैश्विक प्रतियोगिताओं का विस्तार हुआ और बच्चों, महिलाओं तथा वरिष्ठ खिलाड़ियों के लिए शतरंज कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया गया। उन्होंने कहा, हर सदस्य संघ को आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए और हर खिलाड़ी को वैश्विक शतरंज परिवार में अपनी जगह मिलनी चाहिए।

विश्वनाथन आनंद ने भी ड्वोरकोविच के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पिछले चार वर्षों में उनके साथ मिलकर काम किया है और शतरंज के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को करीब से देखा है।

आनंद ने कहा, मैं इस टीम का हिस्सा होने पर गर्व महसूस करता हूं और आगे भी फिडे के कार्यों में अपना अनुभव साझा करता रहूंगा, विशेषकर उभरते और विकासशील शतरंज संघों के लिए।

फिडे का अध्यक्षीय चुनाव सितंबर में उज्बेकिस्तान में आयोजित 46वें शतरंज ओलंपियाड के दौरान होगा। ड्वोरकोविच इससे पहले 2018 और 2022 के चुनावों में जीत दर्ज कर चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0