सोनम वांगचुक ने बुनियादी व्यवस्था में सुधार के लिए देशवासियों से की समर्थन की अपील

युगवार्ता    29-Jun-2026
Total Views |
पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक जंतर-मंतर पर मौजूद।


नई दिल्ली, 29 जून (हि.स.)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने सोमवार को बुनियादी व्यवस्थाओं में सुधार लाने के लिए देशवासियों से समर्थन देने की अपील की। सोशल मीडिया अभियान 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर यह जानकारी दी।

केवल नमक और पानी के सहारे अनशन पर बैठे वांगचुक ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में कहा, शिक्षा, पर्यावरण, सीजेपी और लद्दाख के समर्थन में मेरा ये आज अनशन का दूसरा दिन है। यहा बहुत लोग जुड़े हैं, आप लोग भी जुड़ सकते हैं। कई समर्थक एकजुटता दिखाने के लिए आंदोलन स्थल पर ही 3 से 5 दिनों का उपवास रखे हुए है।

वांगचुक ने देश के अलग-अलग राज्यों, शहरों और गांवों में रह रहे आम नागरिकों से इस आंदोलन का हिस्सा बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जो लोग दिल्ली नहीं आ सकते, वे अपने ही क्षेत्र में रहकर एक दिन का अनशन कर इस संघर्ष के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त कर सकते हैं। यह लड़ाई किसी एक क्षेत्र की नहीं बल्कि पूरे देश की बुनियादी जरूरतों के लिए है जिससे पूरा भारत एकजुट होकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार, जवाबदेही, और पर्यावरण संरक्षण किया जा सके।

उल्लेखनीय है कि वह कथित नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। यह भूख हड़ताल सीजेपी की ओर से जंतर-मंतर पर जारी विरोध प्रदर्शन का हिस्सा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags