भारत और सऊदी अरब के बीच जल संसाधन सहयोग पर समझौता

29 Jun 2026 22:23:53

रियाद, 29 जून (हि.स.)। भारत और सऊदी अरब ने जल संसाधन क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता जेद्दा में आयोजित सऊदी वॉटर वीक के दौरान हुआ।

समझौते पर सऊदी अरब में भारत के राजदूत डॉ सुहेल खान और सऊदी अरब के पर्यावरण, जल एवं कृषि मंत्री अब्दुलरहमान अब्दुलमोहसेन अल-फदली ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर भारत के महावाणिज्य दूत फहद सूरी भी मौजूद रहे।

इस समझौते का उद्देश्य जल संसाधन योजना, टिकाऊ जल प्रबंधन, सिंचाई प्रणालियों के विकास, क्षमता निर्माण तथा सर्वोत्तम तकनीकों और अनुभवों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है। दोनों देश जल संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग के क्षेत्र में मिलकर कार्य करेंगे।

इस दौरान भारत और सऊदी अरब के बीच सामरिक साझेदारी को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। दोनों पक्षों ने माना कि जल संसाधन प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग भविष्य में दोनों देशों के लिए लाभकारी साबित होगा।

इससे पहले, भारतीय राजदूत डॉ सुहेल खान ने रियाद के गवर्नर प्रिंस फैसल बिन बंदर बिन अब्दुलअजीज अल सऊद से भी मुलाकात की थी। दोनों नेताओं ने भारत और सऊदी अरब के बीच लगातार मजबूत हो रहे संबंधों पर विचार-विमर्श किया।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0