परिवार का मुखिया कभी खाली हाथ नहीं आता, 280 करोड़ की सौगात लेकर आया हूं : ज्योतिरादित्य सिंधिया

29 Jun 2026 21:12:53
गुना जिले में विद्युत उपकेन्द्र का भूमिपूजन अवसर पर केन्द्रीय मंत्री सिंधिया


- भौंरा को मिली 280 करोड़ की सौगात, 225 गांवों की बिजली व्यवस्था होगी मजबूत

गुना, 29 जून (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि वे जनता के बीच नेता या मंत्री नहीं बल्कि परिवार के सदस्य और सेवक के रूप में आते हैं। पिछले 25 वर्षों में उन्होंने क्षेत्र के एक-एक गांव का भ्रमण किया है और इसी अपनत्व के साथ इस बार 280 करोड़ रुपये की विकास सौगात लेकर आए हैं।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया सोमवार को मध्य प्रदेश के गुना जिले की बमोरी तहसील अंतर्गत भौंरा (मूड़रा हनुमान) में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 280 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 220/132/33 केव्ही विद्युत उपकेन्द्र का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भी उपस्थित रहे।

225 गांवों को मिलेगा लाभ

परियोजना से 225 गांवों की लगभग 2.25 लाख आबादी को गुणवत्तापूर्ण एवं पर्याप्त वोल्टेज के साथ निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। परियोजना के तहत बल्लापुर से 220 केवी एवं 132 केव्ही विद्युत लाइनें स्थापित की जाएंगी। नए उपकेन्द्र के प्रारंभ होने से गढ़ला, भौंरा, कपासी और राघौगढ़ के 132 केवी उपकेन्द्रों की विद्युत आपूर्ति अधिक सुदृढ़ होगी। साथ ही लाइनों पर ओवरलोडिंग समाप्त होगी और आगामी वर्षों की बढ़ती विद्युत मांग को पूरा करने में भी सहायता मिलेगी।

नए भारत का निर्माण गांवों से होगा

सिंधिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी का सपना था कि नए भारत का निर्माण बड़े शहरों से नहीं, बल्कि गांवों और छोटे-छोटे चकों से होगा। उन्होंने कहा कि यदि वे क्षेत्र की सेवा कर पाए, तो अपने जीवन को सफल मानेंगे।

हर क्षेत्र में विकास का भरोसा

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि ऊर्जा, सिंचाई, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों में विकास कार्य लगातार किए जा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों को विश्वास दिलाया कि उनकी हर संभव मांग को पूरा करने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

कूनो नदी के उद्गम स्थल पर जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 का समारोहपूर्वक हुआ समापन

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की गरिमामय उपस्थिति रविवार को गुना जिले में संचालित जल गंगा सवर्धन अभियान 2026 समापन कूनो नदी उदगम स्थल पर 700 पौधों का पौधारोपण कर संपन्न हुआ। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं अन्य जिला/जनपद स्तरीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रदेश में 19 मार्च 2026 को वर्ष प्रतिपदा के दिन से जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 का क्रियान्वयन प्रारंभ किया गया था जिसके अंतर्गत जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्य संपादित किये गये। अभियान के दौरान जिले में में नदियों, तालाबों, कुओं, बावड़ियों आदि जल स्रोतों का संरक्षण, पुनर्जीवन, स्वच्छता और जल संवर्धन एवं जनभागीदारी से जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाकर जल संरक्षण एवं संवर्धन के नवीन एवं पूर्व के अपूर्ण कार्यो को प्राथमिकता से पूर्ण किया गया, जिनमें ग्रामीण क्षेत्र में जल संरक्षण भूजल संवर्धन रैनवाटर हार्वेस्टिग एवं नदी पुर्नजीवन के कार्य सम्मिलित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0