
लंदन, 29 जून (हि.स.)। ब्रिटेन की स्टार टेनिस खिलाड़ी और 2021 यूएस ओपन चैंपियन एमा राडुकानू ने दाहिने पैर में स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण विंबलडन 2026 से नाम वापस ले लिया है। उन्होंने टूर्नामेंट के पहले दौर का मुकाबला शुरू होने से महज एक दिन पहले यह फैसला लिया, जिससे घरेलू दर्शकों को बड़ा झटका लगा।
राडुकानू को सोमवार को नंबर-1 कोर्ट पर एंटोनिया रुज़िक के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलना था, लेकिन रविवार देर शाम इंस्टाग्राम पर उन्होंने टूर्नामेंट से हटने की घोषणा कर दी। उन्होंने बताया कि क्वींस क्लब चैंपियनशिप के दौरान लगी चोट के बावजूद वह लगातार खेलने की कोशिश कर रही थीं। हालांकि अंतिम मेडिकल स्कैन में यह चोट स्ट्रेस फ्रैक्चर में बदल गई, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें आगे खेलने से मना कर दिया।
राडुकानू ने कहा कि विंबलडन में घरेलू दर्शकों के सामने खेलना मेरे लिए बेहद खास है। इसलिए यह फैसला लेना मेरे लिए बहुत कठिन है। मैंने खेलने के लिए हर संभव प्रयास किया, लेकिन मेडिकल सलाह के बाद अब आगे खेलना संभव नहीं है। राडुकानू ने बताया कि चोट की शुरुआत क्ले कोर्ट सीजन के दौरान हुई थी, जो ग्रास कोर्ट सीजन में और गंभीर हो गई। लगातार मैच खेलने के कारण पैर पर अधिक दबाव पड़ा और अंततः उन्हें विंबलडन से हटने का फैसला लेना पड़ा।
राडुकानू ने 18 वर्ष की उम्र में क्वालीफायर के रूप में 2021 यूएस ओपन जीतकर इतिहास रचा था। हालांकि, इसके बाद वह कोई डब्ल्यूटीए टूर खिताब नहीं जीत सकीं, लेकिन इस महीने क्वींस क्लब में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक पहुंची थीं, जहां उन्हें डोना वेकिच से हार का सामना करना पड़ा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे