आंधी से नीम का पेड़ ई - रिक्शा पर गिरा, पांच लोगों की मौत

29 Jun 2026 23:56:53
घटना स्थल पर जिलाधिकारी व एसएसपी


अस्पताल में घायल


फिरोजाबाद, 29 जून (हि.स.)। थाना फरिहा क्षेत्र अन्तर्गत सोमवार रात आंधी और तेज हवा के दौरान एक नीम का पेड़ ई - रिक्शा पर गिर पड़ा। जिससे उसमें बैठीं सवारियां घायल हो गईं। जिनमें से पांच की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। डीएम और एसएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

जनपद एटा के अवागढ़ से एक ई-रिक्शा में आठ सवारियां बैठकर फरिहा आ रही थीं। जैसे ही ई-रिक्सा थाना फरिहा क्षेत्र के गांव पृथ्वीपुर चिड़रई के पास पहुंचा तभी तेज आंधी और हवा के कारण अचानक एक नीम का बड़ा पेड़ ई-रिक्शा पर गिर पड़ा। जिससे चीख पुकार मच गई। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ कर आए लेकिन तब तक ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और सवारियां पेड़ के नीचे दब गईं थीं। घटना के कारण वहां जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों और जेसीबी की मदद से पेड़ को हटवाया। इसके बाद घायलों को तत्काल एंबुलेंस से उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर भिजवाया। तब तक पांच लोगों की मौत हो गई थी। जिन्हें चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान गजेंद्र (28) निवासी बटोलर फरिहा, हरेश पाल (59) निवासी नगला फतेह फरिहा, विष्णु (20) निवासी ईखू फरिहा, अमन (17) निवासी नगला मंडा सकरौली, एटा और गंगा सिंह (65) निवासी आनंदपुर, अवागढ़, एटा के रूप में हुई है।

वहीं जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने घटना पर दुख प्रकट करते हुए बताया है कि इस हादसे में मृत हुए लोगों के परिजनों को दैवीय आपदा कोष से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी साथ ही घायलों का समुचित उपचार कराया जा रहा है। सरकार व जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद के लिए उनके साथ है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Powered By Sangraha 9.0