वॉशिंगटन/कराकास, 29 जून (हि.स.)। अमेरिका ने भूकंप प्रभावित वेनेजुएला के लिए मानवीय सहायता राशि बढ़ाते हुए 30 करोड़ डॉलर से अधिक की अतिरिक्त सहायता देने की घोषणा की है। इससे पहले अमेरिका ने 15 करोड़ डॉलर की सहायता देने का वादा किया था।
अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, यह राशि आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं, खाद्य सहायता, स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता सुविधाओं, अस्थायी आश्रय, सुरक्षा उपायों और राहत सामग्री की आपूर्ति जैसे कार्यों में इस्तेमाल की जाएगी। यह सहायता राशि विभिन्न अंतरराष्ट्रीय और मानवीय संगठनों के माध्यम से प्रभावित लोगों तक पहुंचाई जाएगी। इनमें राहत एवं पुनर्वास कार्यों में सक्रिय कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं शामिल हैं।
इसके अलावा, अमेरिका ने वेनेजुएला में खोज और बचाव कार्यों को तेज करने के लिए चार शहरी खोज एवं बचाव दल भी भेजे हैं। इन टीमों में 300 से अधिक प्रशिक्षित राहतकर्मी और कई खोजी कुत्ते शामिल हैं, जो मलबे में फंसे लोगों की तलाश और बचाव अभियान में जुटे हैं।
अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्यों को गति देने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग जारी रहेगा। वहीं, वेनेजुएला में स्थानीय प्रशासन और विदेशी बचाव दल संयुक्त रूप से राहत कार्यों में लगे हुए हैं।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय