राजस्थान में निर्माणाधीन रिसॉर्ट की दीवार ढही, दो महिलाओं समेत तीन मजदूरों की मौत

29 Jun 2026 19:57:54
निर्माणाधीन रिसॉर्ट की दीवार ढही: तीन मजदूरों की मौत


निर्माणाधीन रिसॉर्ट की दीवार ढही: तीन मजदूरों की मौत


निर्माणाधीन रिसॉर्ट की दीवार ढही: तीन मजदूरों की मौत


निर्माणाधीन रिसॉर्ट की दीवार ढही: तीन मजदूरों की मौत


जयपुर, 29 जून (हि.स.)। जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंदवाजी थाना क्षेत्र के ताला मोड़ स्थित निर्माणाधीन अरावली पैलेस रिसॉर्ट में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में दो महिलाओं समेत तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि बारह से अधिक मजदूर घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि जिले के चंदवाजी थाना इलाके में सोमवार दोपहर करीब 12:50 बजे रिसॉर्ट परिसर में सीवरेज गड्ढे में 24 से अधिक मजदूर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मिट्टी की भराई के समय अचानक कंपन और मिट्टी धंसने से दीवार ढह गई। देखते ही देखते सीमेंट के ब्लॉक और मिट्टी का भारी मलबा मजदूरों पर आ गिरा, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। जेसीबी और अन्य संसाधनों की सहायता से मलबा हटाकर दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया।

इस हादसे में रिंकू (32) पत्नी मनदीप, सविता पत्नी मनोज कुमार तथा बिहार निवासी रामजी मांझी (28) पुत्र रामप्रवेश की मौत हो गई। घायलों को निम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन मजदूरों का उपचार जारी है, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घटना के बाद निर्माण कार्य का ठेकेदार मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। प्रारंभिक जांच में निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी सवाल उठे हैं। पुलिस और प्रशासन यह जांच कर रहे हैं कि निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा उपाय अपनाए गए थे या नहीं। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जाएंगे।

जिला कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया था। सूचना मिलते ही चंदवाजी थाना पुलिस, प्रशासन, सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रथम दृष्टया मिट्टी धंसने और वाइब्रेशन के कारण नवनिर्मित दीवार गिरने की आशंका है। उन्होंने बताया कि हादसे का शिकार हुए अधिकांश मजदूर बिहार के रहने वाले हैं और पूरे मामले की विस्तृत जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इधर, राजस्थान सरकार के संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल और विधायक गोपाल शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ राहत एवं बचाव कार्य की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने निम्स अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान आमेर विधायक प्रशांत शर्मा, जमवारामगढ़ विधायक महेंद्र मीणा, जिला कलेक्टर संदेश नायक सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

हादसे की प्रत्यक्षदर्शी बिहार के गया जिले की निवासी ममता ने बताया कि उनका भाई रामजी सीमेंट के ब्लॉक लेकर जा रहा था, तभी दीवार गिर गई और वह मलबे में दब गया। संयोग से वह पानी पीने के लिए गड्ढे से बाहर आ गई थीं, जिससे उनकी जान बच गई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी, तकनीकी खामियों तथा निर्माण एजेंसी की भूमिका की विस्तृत जांच कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Powered By Sangraha 9.0