महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर सुरक्षा बलों ने नष्ट की नक्सलियों की हथियार फ़ैक्टरी

29 Jun 2026 17:51:54
फाईल फोटो: नक्सलाईट


मुंबई, 29 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर स्थित बालबेड़ा जंगल में छिपाई गई हथियारों की एक अंडरग्राउंड फ़ैक्टरी को गढ़चिरौली पुलिस और सेंट्रल रिज़र्व पुलिस फ़ोर्स (सीआरपीएफ) ने नष्ट कर दिया। फैक्टरी से बड़ी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरणों का जख़ीरा बरामद हुआ था।

पुलिस अधीक्षक एम रमेश ने सोमवार को बताया कि माओवादी गतिविधियों को बड़ा झटका देते हुए यह ऑपरेशन कुछ दिन पहले उस समय शुरू किया गया था, जब दूर-दराज़ के जंगली इलाके में माओवादियों के एक गुप्त ठिकाने के बारे में पक्की खुफिया जानकारी मिली थी। इसी जानकारी के बाद किए गए ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को ज़मीन के नीचे बनी एक फ़ैक्टरी मिली, जिसमें 5-6 टन की लेथ मशीन, लगभग 150 क्लेमोर और बीजीएल पाइप, 220 12-बोर गन बैरल, 20 राइफल रॉड मेटल स्ट्रिप्स और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य मशीनरी मौजूद थी। चूंकि भारी मशीनरी को मुश्किल इलाके से बाहर नहीं ले जाया जा सकता था, इसलिए बरामद उपकरणों को स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) का पालन करते हुए मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

इस ठिकाने का इस्तेमाल कथित तौर पर माओवादी सुरक्षा बलों पर हमले के लिए, खासकर चुनावों और माओवादियों के 'ऑब्ज़र्वेंस वीक' (खास हफ़्तों) के दौरान हथियार बनाने और उनका स्टॉक जमा करने के लिए कर रहे थे। गढ़चिरौली में लगातार चल रहे नक्सल-विरोधी अभियानों ने इस इलाके में संगठन की मौजूदगी को काफी कमज़ोर कर दिया है।

पुलिस अधीक्षक एम. रमेश की देखरेख में चलाए गए इस सर्च ऑपरेशन सी-60 कमांडो, प्राणहिता स्क्वाड, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोज़ल स्क्वाड (बीडीडीएस) और एसआरपीएफ के जवानों की छह संयुक्त टीमों ने हिस्सा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Powered By Sangraha 9.0