
नई दिल्ली, 03 जून (हि.स.)। वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज 3 से 7 जून तक भारत की कार्ययात्रा पर हैं। वे कल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच ऊर्जा, व्यापार, निवेश, उत्पादन, स्वास्थ्य और परिवहन क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होने की संभावना है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने उनके आगमन की जानकारी देते हुए बुधवार को कहा कि यह दौरा भारत-वेनेजुएला संबंधों को और प्रगाढ़ करेगा और द्विपक्षीय साझेदारी में मिली गति को आगे बढ़ाएगा।
विदेश मंत्रालय के अनुसार रोड्रिगेज को पहले 1 जून को प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय बिग कैट एलायंस शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत आना था। सम्मेलन को आगे बढ़ाये जाने के बाद उनकी यात्रा को कार्य यात्रा के रूप में निर्धारित किया गया है।
कार्यवाहक राष्ट्रपति के साथ विदेश मामलों, अर्थव्यवस्था एवं वित्त, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, संचार एवं सूचना तथा परिवहन मंत्रियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी है। कार्यवाहक राष्ट्रपति रोड्रिगेज इससे पहले विदेश मंत्री और उपराष्ट्रपति के रूप में कई बार भारत का दौरा कर चुकी हैं। यह उनकी छठी भारत यात्रा है।
यात्रा के दौरान कार्यवाहक राष्ट्रपति रोड्रिगेज़ प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। इन वार्ताओं में भारत-वेनेजुएला संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा होगी और ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार और निवेश, फार्मास्यूटिकल्स, स्वास्थ्य सेवा, परिवहन और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में आगे सहयोग के रास्ते तलाशे जाएंगे।
वेनेजुएला से आया प्रतिनिधिमंडल ऊर्जा, फार्मास्यूटिकल्स और ऑटो क्षेत्रों से जुड़े कई स्थलों का दौरा करेगा ताकि भारत की तकनीकी और औद्योगिक क्षमताओं की जानकारी प्राप्त कर सके और सहयोग के अवसरों का पता लगा सके।
उल्लेखनीय है कि भारत और वेनेजुएला के बीच ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग, व्यापार और वैश्विक दक्षिण के प्रति साझा प्रतिबद्धता के आधार पर सौहार्दपूर्ण और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा