
नई दिल्ली, 03 जून (हि.स.)। मालवीय नगर इलाके में बुधवार को सुबह एक रेस्टोरेंट में आग लगने की घटना में 21 लोगों की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका दो अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इस घटना में घायल 39 मरीजों को मैक्स और 13 मरीजों को एम्स में भर्ती कराया गया, जिनमें बड़ी संख्या में लोग गंभीर रूप से प्रभावित हैं। मैक्स
अस्पताल प्रशासन के अनुसार 18 मरीजों को अस्पताल लाने पर ही मृत घोषित कर दिया गया। वहीं 15 मरीजों का आईसीयू में इलाज चल रहा है, जिनमें से 8 मरीज वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
5 मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद मामूली चोटों के चलते छुट्टी दे दी गई, जबकि एक गंभीर रूप से झुलसे मरीज को बेहतर इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में भारतीय और विदेशी- दोनों तरह के नागरिक शामिल हैं।ये सभी मृतक 80 फीसदी झुलस गए थे।
अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. संदीप बुधिराजा ने मीडिया को बताया कि वेंटिलेटर पर रखे गए मरीजों की स्थिति बेहद नाजुक है। ऐसे मरीजों की संख्या लगभग 7–8 है।
उन्होंने कहा कि मरीजों की उम्र 30 से 50 साल के बीच हैय़ अधिकांश मामलों में गंभीर जलन के साथ-साथ फेफड़ों को नुकसान हुआ है। कुछ मरीजों को गंभीर बर्न इंजरी भी हुई है।
डॉ संदीप ने बताया कि सुबह करीब 9:15 बजे अस्पताल से सड़क के उस पार तक धुएं के गुबार दिखाई दे रहे थे, जिसके बाद घायलों को तुरंत इलाज के लिए लाया गया।
उन्होंने कहा कि सभी मरीजों का आईसीयू में इलाज जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
वहीं, अखिल भारतीय आर्युविज्ञान संस्थान (एम्स) में इस अग्निकांड में झुलसे हुए तीन लोग मृत लाए गए थे। एम्स की ओर से जारी बयान में कहा गया कि अग्निकांड में तीन मृतकों के साथ 13 घायल मरीजों को ट्रॉमा सेंटर लाया गया।
इनमें से 3 मरीज ऊंचाई से गिरे थे (उन्होंने छलांग लगाई थी)। इन 3 में से 2 मरीज डॉक्टरों की सलाह के विरुद्ध अस्पताल से चले गए। ट्रॉमा सेंटर पहुंचने तक दोनों की हालत स्थिर थी।
इनमें से एक को सिर में चोट लगी थी और उसका ऑपरेशन किया गया। उसकी हालत गंभीर है।
10 लोग दिल्ली पुलिस के बचावकर्मी थे। सभी की हालत स्थिर है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। उन्हें जल्द ही छुट्टी दे दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी