मणिपुर में हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद, दो उग्रवादी कैडर गिरफ्तार

03 Jun 2026 12:20:53
Image of the Arms Cache Recovered and Two Militant Cadres Held in Manipur Operations.


इम्फाल, 03 जून (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियानों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में हथियार एवं विस्फोटक बरामद किए हैं, जबकि प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के दो कैडरों को गिरफ्तार किया गया है।

मणिपुर पुलिस द्वारा बुधवार को जारी सूचना के अनुसार सुरक्षा बलों ने मंगलवार को थौबल जिले के यारिपोक थाना क्षेत्र स्थित पेची चिंगलाक इलाके की पहाड़ी तलहटी में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक एके राइफल, एक डबल बैरल बंदूक, दो सिंगल बैरल बंदूकें, तीन 36 एचई हैंड ग्रेनेड, एक चीनी हैंड ग्रेनेड, चार डेटोनेटर, विभिन्न मैगजीन, 25 जिंदा एके कारतूस, सात 12 बोर कारतूस तथा एक बाओफेंग रेडियो हैंडसेट और चार्जर सहित बड़ी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किया गया।

इसके अलावा, एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठन केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के सक्रिय कैडर कोमोल मुक्तार अबास उर्फ कराती (25) को इम्फाल पूर्व जिले के एंड्रो थाना क्षेत्र अंतर्गत यारिपोक तुलिहाल तौपोकपी स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया।

वहीं, एक अलग कार्रवाई में प्रतिबंधित संगठन प्रेपाक (प्रो) के सक्रिय कैडर यांगलेम अनाओबा सिंह उर्फ याम्बा (23) को इम्फाल पश्चिम जिले के वांगोई थाना क्षेत्र अंतर्गत हियांगथांग पुल के पूर्वी हिस्से से गिरफ्तार किया गया। वह इम्फाल पश्चिम जिले के सिंगजामेई चिंगामाखा यांगलेम लीराक का निवासी है।

सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि राज्य में उग्रवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अभियान लगातार जारी हैं। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Powered By Sangraha 9.0