न्यूयॉर्क सीनेट में 15 अगस्त 2026 को भारत स्वतंत्रता दिवस घोषित करने का प्रस्ताव पारित

03 Jun 2026 11:41:53
न्यूयॉर्क सीनेट की वेबसाइट पर उपलब्ध विवरण।


अमेरिकी राज्य न्यूयॉर्क की सीनेट।


न्यूयॉर्क, 03 जून (हि.स.)। अमेरिकी राज्य न्यूयॉर्क की सीनेट ने भारतीय स्वतंत्रता दिवस के संबंध में ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित किया है। सीनेट ने पारित प्रस्ताव (संख्या 1935) में राज्य की गवर्नर कैथी होचुल से इस वर्ष 15 अगस्त 2026 को राज्य में 'भारत स्वतंत्रता दिवस' घोषित करने का आग्रह किया है। इस अवसर पर सांसदों ने महात्मा गांधी की विरासत को याद किया और अमेरिका में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के योगदान की सराहना की।

न्यूयॉर्क सीनेट की वेबसाइट पर उपलब्ध विवरण के अनुसार, इस विधायी निकाय ने 15 अगस्त 2026 को आधिकारिक तौर पर भारत स्वतंत्रता दिवस के रूप में मान्यता देने का प्रस्ताव पारित किया है। यह ऐतिहासिक कदम भारत और अमेरिका के बीच बढ़ते रणनीतिक संबंधों और न्यूयॉर्क में भारतीय समुदाय के बढ़ते प्रभाव एवं योगदान को दर्शाता है।

प्रस्ताव में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सभ्यतागत मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान किया गया है। इस अवसर पर सांसदों ने अहिंसा और स्वतंत्रता के प्रतीक महात्मा गांधी के विचारों और विरासत को विशेष रूप से याद किया। न्यूयॉर्क के विकास, अर्थव्यवस्था और समाज में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के अमूल्य योगदान की सराहना की गई है। इस प्रस्ताव का पारित होना अमेरिका और भारत के बीच सुदृढ़ होते द्विपक्षीय संबंधों और आपसी सहयोग का शानदार प्रतीक है।

सीनेटर कूनी ने गवर्नर कैथी होचुल से आग्रह किया है कि अब वह 15 अगस्त, 2026 को न्यूयॉर्क राज्य में 'भारत स्वतंत्रता दिवस' के रूप में घोषित करें। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त, 1947 को भारत को ब्रिटिश साम्राज्य से स्वतंत्र घोषित किया गया था। यह स्वतंत्रता लगभग 200 वर्षों के औपनिवेशिक नियंत्रण के बाद मिली। यह 200 वर्ष उत्पीड़न, बलिदान और संघर्ष से भरा दौर है। भारत की स्वतंत्रता दुनिया भर के लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह मजबूत नागरिक, राजनीतिक और आर्थिक अधिकारों के साथ-साथ आत्मनिर्णय प्राप्त करने के लिए किए गए 90 वर्षों के संघर्ष की समाप्ति का भी प्रतीक है।

सीनेटर ने कहा कि 26 नवंबर, 1949 को भारतीय संविधान को अधिनियमित, अंगीकृत किया गया। यह कानूनी दस्तावेज मजबूत केंद्र सरकार और राज्यों की स्वायत्तता के बीच संतुलन स्थापित करता है। प्रतिवर्ष भारतीय लोग 'संविधान दिवस' मनाते हैं। न्यूयॉर्क के नागरिकों को भारतीय लोगों के साथ मिलकर इसका भी जश्न मनाना चाहिए। उन्होंने गवर्नर कैथी होचुल से इस प्रस्ताव की प्रतियां भारत के महावाणिज्य दूत और न्यूयॉर्क राज्य में स्थित विभिन्न भारतीय संगठनों को भी भेजने का अनुरोध किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0