
- भरूच में ₹894 करोड़ से अधिक तथा वलसाड में ₹169.30 करोड़ के विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण - औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं, ड्रेनेज और प्रदूषित जल प्रबंधन होगा और अधिक मजबूत
गांधीनगर, 03 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पांच को गुजरात दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे सूरत से केंद्र और राज्य सरकार के कुल ₹18,777 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इनमें गुजरात औद्योगिक विकास निगम के अंतर्गत ₹1063.43 करोड़ की लागत से तैयार 8 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण भी शामिल है। इन परियोजनाओं में भरूच जिले के ₹894 करोड़ से अधिक तथा वलसाड जिले के ₹169.30 करोड़ के विकास कार्य शामिल हैं।
इन परियोजनाओं से दक्षिण गुजरात के औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत संरचना, प्रदूषित जल के निस्तारण और ड्रेनेज व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
भरूच को मिलेगी ₹894 करोड़ से अधिक की छह बड़ी परियोजनाओं की सौगात
भरूच जिला रसायन एवं पेट्रोकेमिकल उद्योग का प्रमुख केंद्र माना जाता है। जिले की औद्योगिक क्षमता को और मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री छह महत्वपूर्ण जीआईडीसी परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।
दहेज पीसीपीआईआर औद्योगिक क्लस्टर में सायखा पंपिंग स्टेशन से दहेज के लैंडफॉल प्वाइंट तक 90 एमएलडी क्षमता की ऑनशोर और ऑफशोर एफ्लुएंट डिस्पोजल पाइपलाइन का निर्माण किया गया है। ₹474.61 करोड़ की इस परियोजना में सिविल संरचनाएं, इलेक्ट्रो-मैकेनिकल सिस्टम तथा पीएलसी-एससीएडीए तकनीक शामिल है। इससे दहेज और सायखा क्षेत्र में प्रदूषित जल के निस्तारण और प्रबंधन को बड़ी मजबूती मिलेगी।
दहेज पीसीपीआईआर क्षेत्र में वर्तमान में 1,000 से अधिक औद्योगिक इकाइयां कार्यरत हैं। इनमें रसायन, वस्त्र, फार्मा, डाई एवं इंटरमीडिएट तथा इंजीनियरिंग उद्योग प्रमुख हैं।
इसके अलावा जंबूसर स्थित बल्क ड्रग पार्क में सड़क, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज नेटवर्क और सेंट्रल ड्रेन जैसी बुनियादी सुविधाओं का विकास ₹274.96 करोड़ की लागत से किया गया है। इससे फार्मास्यूटिकल उद्योगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
प्रधानमंत्री दहेज-2 औद्योगिक क्षेत्र के लिए 30 एमएलडी क्षमता वाले ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन का भी लोकार्पण करेंगे। यह परियोजना औद्योगिक ड्रेनेज प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाएगी और एकीकृत एफ्लुएंट ट्रांसपोर्ट नेटवर्क को मजबूती प्रदान करेगी। इसके अतिरिक्त पानोली एक्सटेंशन औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, क्रॉस ड्रेनेज, जलापूर्ति नेटवर्क, कंपाउंड वॉल, पेवर ब्लॉक, पौधरोपण और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं का विकास किया गया है। अन्य परियोजनाओं में अंकलेश्वर में एफ्लुएंट ट्रांसमिशन पाइपलाइन पर इंटरमीडिएट बूस्टर पंपिंग स्टेशन का निर्माण तथा दहेज-1 औद्योगिक क्षेत्र में प्राकृतिक ड्रेन-2 के उन्नयन का कार्य शामिल है, जिससे वर्षा जल निकासी व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी और जलभराव की समस्या कम होगी।
वलसाड में ₹169 करोड़ से अधिक की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण
वलसाड जिले के सरीगाम में प्रधानमंत्री जीआईडीसी की दो प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। पहली परियोजना के तहत कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता 15 एमएलडी से बढ़ाकर 25 एमएलडी की गई है। इससे प्रदूषित जल के शोधन की क्षमता बढ़ेगी और पर्यावरणीय मानकों का बेहतर पालन सुनिश्चित होगा।
दूसरी परियोजना के तहत सरीगाम औद्योगिक क्षेत्र में सम्प एवं पंपिंग स्टेशन के साथ HDPE ऑनशोर और ऑफशोर आउटफॉल पाइपलाइन नेटवर्क विकसित किया गया है। यह नेटवर्क पंपिंग स्टेशन से लैंडफॉल चैंबर होते हुए गहरे समुद्र तक औद्योगिक अपशिष्ट जल के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।
इन परियोजनाओं के माध्यम से दक्षिण गुजरात के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी तथा पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक औद्योगिक अवसंरचना को भी मजबूती प्राप्त होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे