शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी गिरावट

03 Jun 2026 10:30:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 03 जून (हि.स.)। पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव भड़कने की आशंका की वजह से घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव बना हुआ नजर आया। कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। बाजार खुलने के थोड़ी देर बाद ही बिकवाली का दबाव बना, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक की गिरावट बढ़ने लगी। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1.16 प्रतिशत और निफ्टी 1.01 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से अपोलो हॉस्पिटल, ओएनजीसी, बजाज ऑटो, नेस्ले और मारुति सुजुकी के शेयर 1.63 प्रतिशत से लेकर 0.25 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, टीसीएस, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजी और अडानी इंटरप्राइजेज के शेयर 6.77 प्रतिशत से लेकर 2.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,746 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 885 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,861 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से सात शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 23 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 15 शेयर हरे निशान में और 35 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 142.11 अंक की कमजोरी के साथ 74,507.73 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही मंदड़ियों ने बिकवाली का दबाव बना दिया, जिससे इस सूचकांक की कमजोरी बढ़ती चली गई। हालांकि खरीदार बीच-बीच में लिवाली का जोर बनाने की भी कोशिश करते रहे। इसके बावजूद बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि सेंसेक्स लगातार गिरता चला गया।

लगातार हो रही बिकवाली की वजह से सुबह 10 बजे के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक 73,719.36 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे इस सूचकांक की चाल में मामूली सुधार होता हुआ नजर आया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 868.49 अंक लुढ़क कर 73,781.35 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 67.60 अंक टूट कर 23,415.95 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने से शुरुआती मिनट में ही यह सूचकांक 30 अंक से अधिक की रिकवरी कर 23,447.65 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से यह सूचकांक गिरता चला गया।

शेयर बाजार मे लगातार हो रही बिकवाली की वजह से सुबह 10 बजे के थोड़ी देर पहले तक निफ्टी 23,225.50 अंक के स्तर तक आ गया था। हालांकि इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे इस सूचकांक की चाल में मामूली सुधार भी हुआ। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 238 अंक की गिरावट के साथ 23,245.55 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 382.50 अंक यानी 0.52 प्रतिशत की मजबूती के साथ 74,649.84 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 100.95 अंक यानी 0.43 प्रतिशत की उछाल के साथ 23,483.55 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0