
बीजिंग, 30 जून (हि.स./आरआईए नोवोस्ती)। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने मंगलवार को कहा कि यूरोपीय यूनियन (ईयू) के साथ व्यापार संबंधी विवादों को रचनात्मक और उचित तरीके से सुलझाने के लिए चीन तैयार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चीन और यूरोपीय संघ साझेदार हैं, प्रतिद्वंद्वी नहीं।
रूस की प्रमुख समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के मुताबिक दोनों पक्षों ने सोमवार को व्यापार और निवेश पर आपसी बातचीत के लिए औपचारिक रूप से एक व्यवस्था बनाई। इसकी पहली बैठक बेल्जियम के ब्रुसेल्स में हुई, जिसमें सहयोग के चार क्षेत्रों व्यापार एवं निवेश में संतुलन, निर्यात नियंत्रण, बौद्धिक संपदा अधिकार और डब्ल्यूटीओ में सुधार की पहचान की गई।
चीनकेविदेश मंत्रालय के प्रवक्ताने कहा, ईयू के साथ बातचीत और परामर्श को मजबूत करने के लिए चीन तैयार है। साथ ही, समानता, सम्मान और आपसी लाभ के आधार पर व्यापारिक मतभेदों को उचित और रचनात्मक ढंग से सुलझाने और वैश्विक औद्योगिक व आपूर्ति श्रृंखलाओं में स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए भी तैयार है।
उन्होंने चीन और ईयू को साझेदार बताते हुए कहा कि दोनों पक्षों को सहयोग बढ़ाना चाहिए और मिलकर विकास की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि चीन और यूरोपीय संघ दुनिया के सबसे बड़े व्यापारिक भागीदारों में से एक हैं। इनके बीच द्विपक्षीय व्यापार 65 लाख करोड़ से अधिक का है। लेकिन यूरोपीय संघ के भारी व्यापार घाटे और चीन की औद्योगिक नीतियों को लेकर दोनों के बीच तनाव रहा है जिसे सुलझाने के लिए नए वार्ता तंत्र स्थापित किए गए हैं। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव पाश