रूस को अमेरिका-ईरान से होर्मुज जलडमरूमध्य में शिपिंग सुरक्षा सुनिश्चित करने की उम्मीद

30 Jun 2026 12:53:53
सांकेतिक।


मॉस्को, 30 जून (हि.स./रिया नोवोस्ती)। रूस के उप विदेशमंत्री जॉर्जी बोरिसेन्को ने उम्मीद जताई है कि अमेरिका और ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की सुरक्षा (शिपिंग की सुरक्षा) सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाएंगे। बोरिसेन्को ने कहा, हमें उम्मीद है कि अमेरिका और ईरान के बीच हस्ताक्षरित समझौते को सभी मोर्चों पर लागू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच 14 बिन्दुओं पर हुए समझौते में होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही भी शामिल है। बोरिसेन्को ने उम्मीद जताई कि विवाद में शामिल सभी पक्ष इस संबंध में व्यापक कदम उठाएंगे।

इससे पहले अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस गुरुवार को घोषणा कर चुके हैं कि अमेरिका और ईरान तनाव कम करने और विवादित मुद्दों को सुलझाने के लिए एक संचार चैनल स्थापित करने पर सहमत हुए हैं। इसके बाद, ईरानी प्रसारक प्रेस टीवी ने एक सूत्र का हवाला देते हुए इसकी पुष्टि भी की। सूत्र ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर टकराव को रोकने के लिए इस चैनल की आवश्यकता है।

उल्लेखनीय है कि 18 जून की रात ईरान और अमेरिका ने एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। इसका उद्देश्य 28 फरवरी को शुरू हुए सैन्य संघर्ष को समाप्त करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0