जम्मू, 30 जून (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश में अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई को शुरू होने जा रही है। ऐसे में इस यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था इस बार पूरी तरह हाईटेक बनाई गई है।
जम्मू में स्थापित अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को यात्रा सुरक्षा का केंद्रीय सेंटर बनाया गया है। यहां से यात्रा मार्ग, बेस कैंप, संवेदनशील इलाकों और सुरक्षाबलों की गतिविधियों पर चौबीसों घंटे डिजिटल निगरानी रखी जाएगी। यात्रा के मद्देनज़र सुरक्षा एजेंसियों ने बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है।
इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की लाइव फीड एकीकृत की गई है। हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे, एआई आधारित वीडियो एनालिटिक्स, फेस रिकग्निशन तकनीक, ड्रोन निगरानी और जी.पी.एस. आधारित ट्रैकिंग सिस्टम के जरिए यात्रा मार्ग पर हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में कंट्रोल सेंटर से तुरंत संबंधित सुरक्षाबलों को अलर्ट भेजा जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह