रालोद संसदीय बोर्ड का गठन, पूर्व सांसद केसी त्यागी बने अध्यक्ष

30 Jun 2026 19:59:53
डॉलर की संसदीय दल गठन की जारी सूची


लखनऊ, 30 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री जयंत चौधरी ने मंगलवार को पार्टी के संसदीय बोर्ड का गठन किया। तीन महीने पहले ही पार्टी में शामिल हुए पूर्व सांसद केसी त्यागी को इसका अध्यक्ष बनाया है।

संसदीय बोर्ड में पार्टी के दिग्गज नेता, सासंद, पूर्व सांसद, विधायक एवं पूर्व विधायक के साथ खुद जयंत चौधरी बतौर सदस्य शामिल हैं। इस बोर्ड में उत्तर प्रदेश के साथ हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली समेत कई राज्यों के नेताओं को जगह दी गई है।

रालोद की उत्तर प्रदेश इकाई के मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के साथ सदस्यों में हरियाणा से सेवानिवृत्त मेजर जनरल बिशम्बर दयाल, पूर्व सांसद तारीफ सिंह, उप्र के पूर्व सांसद मुंशी राम, उप्र के पूर्व मंत्री अशोक यादव, उप्र के पूर्व सांसद मलूक नागर, सांसद के बागपत राजकुमार सांगवान, विधायक राजपाल बलियान शामिल हैं।

इसके अलावा पूर्व विधायक राजस्थान अब्दुर सगीर खान, विधान परिषद सदस्य योगेश चौधरी, विधायक राजस्थान सुभाष गर्ग, आगरा के डॉ. यशपाल बघेल, लखनऊ के अनिल दुबे, मुजफ्फरनगर की रमा नागर और बड़ौत चेयरमैन बबीता तोमर भी इस बोर्ड में बतौर सदस्य शामिल हैं।

बोर्ड में पार्टी के विभिन्न संगठनात्मक प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों को भी जगह दी गई है। इनमें चार विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल किए गए हैं। इनमें दिल्ली के किसान नेता युद्धवीर सिंह, राजस्थान के विजय पूनिया और संयुक्त रूप से उप्र के सुखबीर गठीना और चन्द्रबली यादव हैं।

पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक संसदीय बोर्ड के गठन से संसद और विधानमंडलों में किसान, युवा, ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय और जनहित से जुड़े मुद्दों को अधिक प्रभावी ढंग से उठाने में मदद मिलेगी। साथ ही संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। अगले वर्ष होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यह नई टीम पार्टी की संसदीय रणनीति तैयार करने, विभिन्न राजनीतिक और जनहित के मुद्दों पर विचार-विमर्श करने एवं संगठन को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Powered By Sangraha 9.0