
मोहाली, 30 जून (हि.स.)। पंजाब एफसी ने मिडफील्डर मोहम्मद इनाम के साथ दो वर्ष का अनुबंध करने की घोषणा की है। इस करार के तहत वह 31 मई, 2028 तक क्लब के साथ जुड़े रहेंगे।
जम्मू-कश्मीर के रहने वाले इनाम, रियल कश्मीर एफसी से पंजाब एफसी में शामिल हुए हैं। उन्होंने इंडियन फुटबॉल लीग 2025-26 सीज़न में श्रीनगर स्थित क्लब की कप्तानी भी की थी। रियल कश्मीर एफसी के साथ दो अलग-अलग कार्यकाल में उन्होंने कुल 53 मुकाबले खेले, जिनमें छह गोल किए और दो असिस्ट दर्ज किए।
श्रीनगर में जन्मे और पले-बढ़े इनाम ने 10 वर्ष की उम्र में फुटबॉल खेलना शुरू किया। रियल कश्मीर की युवा टीम में अपने शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने एएफसी अंडर-16 राष्ट्रीय टीम के ट्रायल के लिए आमंत्रित किया था।
उन्होंने अपने सीनियर करियर की शुरुआत लोनस्टार कश्मीर से की, जिसके बाद 2021 में दिल्ली एफसी से जुड़े। वहां उन्होंने आई-लीग क्वालिफायर और डूरंड कप में हिस्सा लिया। इसके बाद रियल कश्मीर और डाउनटाउन हीरोज के लिए खेलने के बाद वह दोबारा रियल कश्मीर लौटे और टीम के प्रमुख मिडफील्डरों में अपनी जगह बनाई। उनके नेतृत्व गुणों को देखते हुए उन्हें इंडियन फुटबॉल लीग 2025-26 सीज़न के लिए टीम की कप्तानी भी सौंपी गई।
पंजाब एफसी से जुड़ने के बाद मोहम्मद इनाम ने कहा, पंजाब एफसी की जर्सी पहनने को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं। यह मेरे लिए शानदार अवसर है। मैं मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ देने और टीम व हमारे समर्थकों के साथ कई यादगार पल बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हूं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे