ईरान के लिए जासूसी के आरोप में यरुशलम निवासी अमेरिकी नागरिक पर चलेगा मुकदमा

30 Jun 2026 22:00:53

यरुशलम, 30 जून (हि.स.)। इजराइल में रहने वाले 20 वर्षीय एक अमेरिकी नागरिक पर ईरान के लिए कथित तौर पर जासूसी करने के आरोप में मुकदमा चलाया जाएगा। इजराइली पुलिस ने मंगलवार को बताया कि आरोपित के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े गंभीर अपराधों में आरोपपत्र जल्द ही अदालत में दाखिल किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार, संदिग्ध को 09 जून को गिरफ्तार किया गया था। उस पर आरोप है कि वह ईरान से जुड़े एक एजेंट के संपर्क में था और उसके निर्देश पर पिछले कई महीनों से इजराइल के संवेदनशील और रणनीतिक महत्व वाले स्थलों की तस्वीरें तथा वीडियो जुटा रहा था।

जांच एजेंसियों का कहना है कि आरोपित को प्रत्येक कार्य के बदले सैकड़ों अमेरिकी डॉलर तक का भुगतान किया जाता था।

मामले में अभियोजन पक्ष ने मंगलवार को अदालत में अभियोजक का घोषणा-पत्र (प्रॉसिक्यूटर डिक्लेरेशन) दाखिल किया है, जो इस बात का संकेत है कि जल्द ही उसके खिलाफ औपचारिक आरोपपत्र दायर किया जाएगा।

पुलिस ने अदालत से अनुरोध किया है कि मुकदमे की पूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक आरोपित को न्यायिक हिरासत में रखा जाए।

हाल के महीनों में इजराइल ने ईरान के लिए कथित तौर पर जासूसी करने के आरोप में कई लोगों को गिरफ्तार किया है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि देश की संवेदनशील सूचनाओं और सैन्य प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे मामलों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0