भाजपा ने गुजरात से राज्यसभा के चार उम्मीदवारों की घोषणा की

04 Jun 2026 22:44:53
राजू शुक्ला


डॉ मुकेश राठवा


मान सिंह परमार


जितेंद्र कंजारिया


गांधीनगर, 04 जून (हि.स.)। गुजरात से राज्यसभा की चार सीटों के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे चार नेताओं राजू शुक्ला, डॉ. मुकेश राठवा, मानसिंह परमार और जितेंद्र कंजारिया को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा के प्रचंड बहुमत को देखते हुए चारों उम्मीदवारों के निर्वाचित होने की संभावना लगभग तय मानी जा रही है।

भाजपा की उम्मीदवार सूची में उत्तर गुजरात, मध्य गुजरात और सौराष्ट्र क्षेत्र के साथ-साथ सामान्य, ओबीसी और अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग का भी संतुलित प्रतिनिधित्व दिखाई देता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पार्टी ने इस बार संगठन में वर्षों से काम कर रहे कार्यकर्ताओं को सम्मान देने का संदेश दिया है।

राजू शुक्ला: संगठन और प्रशासन का लंबा अनुभव

62 वर्षीय राजू शुक्ला उत्तर गुजरात के कड़ी क्षेत्र से आते हैं और वर्तमान में गांधीनगर में निवास करते हैं। एम.कॉम. और एलएलबी की शिक्षा प्राप्त राजू शुक्ला दो पुत्रों के पिता हैं। ब्राह्मण समाज से आने वाले शुक्ला वर्तमान में सुरेंद्रनगर जिले के भाजपा प्रभारी हैं।

वे कड़ी नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष, महेसाणा भाजपा जिला महामंत्री, अरवल्ली भाजपा जिला प्रभारी तथा गुजरात पब्लिक सर्विस कमीशन (जीपीएससी) के पूर्व सदस्य रह चुके हैं। इसके अलावा वे विद्या भारती कड़ी एवं गांधीनगर संकुल के ट्रस्टी हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रशिक्षित स्वयंसेवक रहे शुक्ला ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में भी विभिन्न जिम्मेदारियां निभाई हैं।

डॉ. मुकेश राठवा: आदिवासी क्षेत्र से उभरा युवा चेहरा

39 वर्षीय डॉ. मुकेश राठवा छोटा उदेपुर जिले के कवांट तालुका स्थित रायसिंगपुरा गांव के निवासी हैं। पीएचडी, एलएलबी, एमए और एमएड जैसी उच्च शैक्षणिक योग्यता रखने वाले राठवा अनुसूचित जनजाति (एसटी) समुदाय से आते हैं। उनके परिवार में पत्नी और एक पुत्री हैं।

वर्तमान में वे छोटा उदेपुर जिला भाजपा के महामंत्री हैं। वर्ष 2001 से 2012 तक उन्होंने आरएसएस में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। इसके बाद भाजपा युवा मोर्चा में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, जिला अध्यक्ष और प्रदेश उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। उन्होंने छह राज्यों के विधानसभा चुनावों में भी संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाई हैं।

मानसिंह परमार: सौराष्ट्र का मजबूत संगठनात्मक चेहरा

45 वर्षीय मानसिंह परमार गिर सोमनाथ जिले से आते हैं। केमिकल इंजीनियरिंग और एलएलबी की शिक्षा प्राप्त परमार के परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं। वे ओबीसी वर्ग के कारड़िया राजपूत समाज से संबंध रखते हैं और वर्तमान में भाजपा बक्षीपंच मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैं।

उन्होंने 1999 में एबीवीपी से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। इसके बाद भाजपा युवा मोर्चा, जिला संगठन और पार्टी के विभिन्न पदों पर जिम्मेदारियां निभाईं। वे गिर सोमनाथ जिला पंचायत सदस्य, भाजपा जिला महामंत्री और जिला अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वर्ष 2022 में उन्होंने तालाला विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। वे गुजरात के पूर्व मंत्री और तालाला के पूर्व विधायक गोविंदभाई परमार के भतीजे हैं।

जितेंद्र कणजारिया: राजनीतिक विरासत और जमीनी अनुभव का संगम

39 वर्षीय जितेंद्र कणजारिया देवभूमि द्वारका जिले के खंभालिया क्षेत्र से आते हैं। एमसीए और बी.कॉम की शिक्षा प्राप्त कणजारिया ओबीसी वर्ग के सतवारा समाज से संबंध रखते हैं। उनके परिवार में दो बच्चे हैं। वे देवभूमि द्वारका जिला पंचायत की कार्यकारी समिति के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके पिता स्वर्गीय मेघजीभाई कणजारिया खंभालिया विधानसभा क्षेत्र से विधायक और जिला भाजपा अध्यक्ष रह चुके हैं। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय कणजारिया को संगठन के जमीनी कार्यकर्ता के रूप में पहचान मिली है।

सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन का संदेश

भाजपा की सूची में दो उम्मीदवार सौराष्ट्र, एक उत्तर गुजरात और एक मध्य गुजरात से हैं। साथ ही सामान्य वर्ग, ओबीसी और एसटी समाज को प्रतिनिधित्व दिया गया है। पार्टी के इस चयन को आगामी राजनीतिक समीकरणों और संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

गुजरात विधानसभा में भाजपा के 161 विधायकों के मजबूत संख्याबल के चलते चारों उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है। नामांकन की अंतिम तिथि 8 जून है, जबकि मतदान 18 जून को प्रस्तावित है। राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी है कि विपक्ष के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं होने के कारण चारों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0