हिज्बुल्लाह ने ठुकराया इजराइल-लेबनान युद्धविराम समझौता, हथियार छोड़ने से किया इनकार

04 Jun 2026 21:50:53

बेरूत, 04 जून (हि.स.)। इजराइल और लेबनान के बीच हाल ही में हुए युद्धविराम समझौते को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया। लेबनान के शक्तिशाली संगठन हिज्बुल्लाह ने इस समझौते को स्वीकार करने से इनकार करते हुए कहा है कि मौजूदा प्रस्ताव उसके लिए स्वीकार्य नहीं है और इससे क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित नहीं हो सकेगी।

हिज्बुल्लाह प्रमुख नईम कासिम ने स्पष्ट किया है कि जब तक दक्षिणी लेबनान में इजराइली सेना की मौजूदगी बनी रहेगी, तब तक उनका संगठन प्रतिरोध जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी युद्धविराम की शर्त यह होनी चाहिए कि इजराइल पूरी तरह लेबनानी क्षेत्र से अपनी सेना वापस बुलाए और सैन्य कार्रवाई पूरी तरह समाप्त करे।

कासिम ने लेबनानी सरकार और इजराइल के बीच चल रही बातचीत पर भी सवाल उठाए। उन्होंने युद्धविराम के बदले हिज्बुल्लाह से हथियार छोड़ने की मांग को अस्वीकार करते हुए कहा कि संगठन अपनी सुरक्षा और प्रतिरोध क्षमता से समझौता नहीं करेगा।

हिज्बुल्लाह नेतृत्व का आरोप है कि मौजूदा समझौते में इजराइली सेना की वापसी की कोई स्पष्ट समय-सीमा या ठोस व्यवस्था नहीं है। ऐसे में यह समझौता लेबनान की सुरक्षा और संप्रभुता की गारंटी देने में सक्षम नहीं माना जा सकता।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0