नेपाल पीएम के सीमा संबंधी बयान पर छात्रों का प्रदर्शन, बालेन्द्र शाह से मांगा इस्तीफा

युगवार्ता    04-Jun-2026
Total Views |
नेपाल में प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के खिलाफ प्रदर्शन


काठमांडू, 04 जून (हि.स.)। नेपाल की विपक्षी वामपंथी दलों से जुड़े छात्र संगठनों ने प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के विवादित सीमा संबंधी बयान के विरोध में गुरुवार को काठमांडू में प्रदर्शन किया। प्रदनर्शनकरियो ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के बयान से राष्ट्रीय हित और संप्रभुता पर आघात पहुंचा है।

विभिन्न वामपंथी दलों से जुड़े करीब एक दर्जन छात्र संगठनों की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री शाह के इस्तीफे की मांग करते हुए उनके बयान को 'राष्ट्रविरोधी' बताया। विरोध सभा में नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी के नेता सुदेश पराजुली ने कहा कि संसद में दिया गया वक्तव्य राष्ट्र के हितों पर गंभीर प्रहार के समान है। पराजुली ने कहा कि देश चलाना चाय पीकर रैप गाने जैसा आसान काम नहीं है। कल तक काठमांडू में बालेन शाह के रूप में उभरे बालेंद्र शाह आज संसद पहुंचने के बाद भारतीय शाह के रूप में दिखाई दे रहे हैं। इसी सोच और अभिव्यक्ति की निंदा तथा भर्त्सना करने के लिए हमारी पार्टी माइतीघर में खड़ी होकर खबरदारी कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राष्ट्रवाद और राष्ट्रीय हितों के विरुद्ध खड़ी दिखाई दे रही है। पराजुली ने कहा कि उनकी पार्टी ऐसे शासकों को जनता की ताकत का एहसास कराने और राष्ट्रीय स्वाभिमान की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हुई है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के बयान के खिलाफ नारेबाजी की और सरकार से अपने रुख पर पुनर्विचार करने की मांग की। विपक्षी दलों और विभिन्न राजनीतिक समूहों की ओर से भी इस मुद्दे पर लगातार प्रतिक्रिया सामने आ रही है, जिससे नेपाल की राजनीति में सीमा संबंधी बहस और तेज होती दिखाई दे रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags