
हैदराबाद, 04 जून (हि.स.)। युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने हैदराबाद में वंशवादी राजनीति पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में संपूर्ण विपक्ष ने भारतीय राजनीति में परिवारवाद के बीज को बरगद के वृक्ष के रूप में विकसित कर दिया है। देश का आम नौजवान परिवारवादी राजनीति से खुद को ठगा महसूस कर रहा है।
गुरुवार को यहां आयोजित एक प्रेसवार्ता में रोहित सिंह ने कहा, भारतीय राजनीति में एकमात्र नेता जो देश के आम नौजवानों की चिंता में देश के उत्थान के लिए काम कर रहे हैं, वह प्रधानमंत्री गणनायक नरेंद्र मोदी जी हैं। आज एकमात्र नेता मोदी जी हैं जो भारत के नौजवानों की समृद्धि, उनके विकास और रोजगार सृजन के लिए विचारणीय कार्य कर रहे हैं।
कश्मीर से कन्याकुमारी तक यात्रा का ऐलान
युवा चेतना संयोजक ने ऐलान किया कि वे कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश की यात्रा करके आम नौजवानों को संगठित करेंगे। उन्होंने कहा कि नेपोकिड्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष राहुल गांधी और हर प्रदेश में मौजूद परिवारवादी शक्तियों के खिलाफ लोकतांत्रिक लड़ाई को तेज किया जाएगा।
चुनावी नतीजों का दिया हवाला
सिंह ने हाल के चुनाव नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में राजकुमार तेजस्वी यादव के नेतृत्व में विपक्ष पूरी तरह आउट हो गया। पश्चिम बंगाल में नेपोकिड्स एसोसिएशन ऑफ बंगाल के अध्यक्ष अभिषेक बनर्जी धराशायी हो गए। तमिलनाडु में नेपोकिड्स एसोसिएशन ऑफ तमिलनाडु के अध्यक्ष उदय निधि स्टालिन को जनता ने रिजेक्ट कर दिया, वहीं असम में नेपोकिड्स एसोसिएशन ऑफ असम के अध्यक्ष गौरव गोगोई अपनी सीट तक नहीं बचा पाए।
कांग्रेस ने युवाओं को ठगा
रोहित सिंह ने कहा, इससे यह प्रमाणित हो चुका है कि देश का जो जनादेश है, वो कांग्रेस और विपक्ष के खिलाफ पूरी ताकत के साथ खड़ा है। देश के आम नौजवानों के लिए कांग्रेस और विपक्ष ने कुछ नहीं किया। नौजवानों को सिर्फ ठगा गया।
उन्होंने कहा कि देश के नौजवान अब परिवारवाद के खिलाफ एकजुट हो गए हैं और आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से इस लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj