नैनीताल की सड़क पर जादू दिखाने वाले साहिल से प्रभावित हुए आनंद महिंद्रा, शिक्षा और प्रशिक्षण में करेंगे सहयोग

05 Jun 2026 19:28:53
सामाजिक माध्यम एक्स पर आनंद महिंद्रा ने साहिल पर यह लिखा है


नैनीताल, 05 जून (हि.स.)। नैनीताल की सड़कों पर जादू दिखाकर जीविकोपार्जन करने वाले साहिल नाम के एक बालक की प्रतिभा ने देश के प्रमुख उद्योगपति और महिंद्रा समूह के अध्यक्ष आनंद महिंद्रा का ध्यान आकर्षित किया है। सामाजिक माध्यमों पर साहिल का वीडियो व्यापक रूप से प्रसारित होने के बाद आनंद महिंद्रा ने उसकी कला की सराहना करते हुए उसके भविष्य को संवारने के लिए सहयोग की इच्छा व्यक्त की है।

आनंद महिंद्रा ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने संदेश में साहिल को अत्यंत प्रतिभाशाली बताते हुए पूछा कि क्या वह अभी भी नैनीताल की सड़कों पर जादू दिखाता है। उन्होंने कहा कि वह न केवल उसकी शिक्षा में सहायता करना चाहते हैं बल्कि जादू की कला के प्रति उसकी रुचि को भी प्रोत्साहित करना चाहते हैं ताकि वह भविष्य में विश्व के श्रेष्ठ जादूगरों में स्थान बना सके।

इसके लिए उन्होंने लोगों से साहिल और उसके परिजनों से संपर्क स्थापित कराने में सहयोग की अपील भी की है। सामाजिक माध्यमों पर आनंद महिंद्रा की इस पहल की सराहना की जा रही है और इसे प्रतिभाशाली बच्चों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Powered By Sangraha 9.0