असम कैबिनेटः राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 2 % की बढ़ोतरी, विधायक निधि बढ़ाने सहित कई अहम फैसले

05 Jun 2026 22:01:53
Assam Cabinet After Expansion.


गुवाहाटी, 05 जून (हि.स.)। विस्तारित असम मंत्रिमंडल की पहली कैबिनेट बैठक में शुक्रवार को कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक के बाद मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने मीडिया को संबोधित करते हुए सरकार के विभिन्न फैसलों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में दो प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा विद्यालयों में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए भी राहत भरी खबर है। पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति देकर तृतीय श्रेणी पदों पर नियुक्त करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

कैबिनेट ने विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास निधि में भी बढ़ोतरी का निर्णय लिया है। अब तक प्रति विधायक एक करोड़ रुपये की निधि उपलब्ध कराई जाती थी, जिसे बढ़ाकर डेढ़ करोड़ रुपये किया जाएगा। वहीं अगले वर्ष अप्रैल से इसे बढ़ाकर दो करोड़ रुपये करने का भी निर्णय लिया गया है।

बैठक में यह भी तय किया गया कि आगामी एक अगस्त से विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनता को मिलना शुरू होगा। बजट पारित नहीं होने के कारण कई विकास योजनाओं का कार्य प्रभावित था, लेकिन आगामी बजट सत्र के बाद इन योजनाओं को गति दी जाएगी।

राज्य सरकार ने डिब्रूगढ़ को असम की दूसरी राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए अगले पांच वर्षों में 500 करोड़ रुपये खर्च करने की मंजूरी दी है। इस परियोजना के लिए गठित दूसरी राजधानी क्षेत्र प्राधिकरण के अध्यक्ष के रूप में प्रशांत फूकन को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि नवगठित मंत्रिमंडल के मंत्रियों के विभागों का अंतिम आवंटन अगले सात दिनों के भीतर कर दिया जाएगा। साथ ही शनिवार को जिला अभिभावक मंत्रियों की जिम्मेदारियों की भी घोषणा किए जाने की संभावना है।

सरकार का मानना है कि इन निर्णयों से कर्मचारियों के कल्याण, प्रशासनिक दक्षता तथा राज्य के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Powered By Sangraha 9.0