

- वन्य जीव संरक्षण क्षेत्र में सफल मॉडल है कूनो नेशनल पार्क : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
भोपाल, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क में दशकों के बाद दुर्लभ वन्य जीव कैराकल (जंगली बिल्ली) दिखी है। इस दुर्लभ बिल्ली की तस्वीरें एक कैमरा ट्रैप सर्वे में सामने आई हैं, जो इस वन क्षेत्र में इसके दोबारा लौटने का संकेत देती हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कूनो में जंगली बिल्ली की मौजूदगी पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पारिस्थितिक संतुलन और प्रकृति के संरक्षण के महत्व स्मरण करवाता है। जंगली बिल्ली की वापसी न केवल कूनो अंचल में समृद्ध हो रही जैव विविधता तंत्र का प्रमाण है, बल्कि यह राज्य सरकार की नेशनल पार्क में वन्य प्राणियों के संरक्षण की सकारात्मक कोशिशों का भी प्रमाण है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश की धरती पर महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट चीता को क्रियान्वित किए जाने से वन्य जीव संरक्षण क्षेत्र को नई पहचान मिली है। इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य केवल चीता प्रजाति का पुनर्वास नहीं है, बल्कि पूरे पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाना भी है। इसके अंतर्गत मध्यप्र देश में वन क्षेत्रों का संरक्षण और वन्य जीवों की दुर्लभ प्रजातियों की संख्या बढ़ाना भी है। इसके साथ ही वन्य जीवों के लिए सुरक्षित आवास विकसित करने के अभिनव प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर