भारत पहुंचे नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल, होगी एस. जयशंकर से अहम वार्ता

05 Jun 2026 16:48:53
दिल्ली पहुंचे नेपाल के विदेश मंत्री


काठमांडू, 05 जून (हि.स.)। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल भारत की आधिकारिक यात्रा पर शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंच गए हैं। वहां उनका स्वागत भारतीय विदेश मंत्रालय में नेपाल-भूटान मामलों (नॉर्थ डेस्क) के प्रभारी अतिरिक्त सचिव मनु महावर ने किया।

नई दिल्ली रवाना होने से पहले काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में मंत्री खनाल ने कहा कि उनकी यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच साझा हितों और नेपाल की प्राथमिकताओं पर सार्थक संवाद करना है।

भारत यात्रा के दौरान विदेश मंत्री खनाल अपने भारतीय समकक्ष विदेश मंत्री डा एस जयशंकर के साथ औपचारिक द्विपक्षीय बैठक करेंगे। नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार इस बैठक में नेपाल और भारत के बीच पारस्परिक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होगी। बैठक के एजेंडे में विशेष रूप से द्विपक्षीय व्यापार, निवेश, संपर्क एवं कनेक्टिविटी, ऊर्जा सहयोग तथा दोनों देशों के नागरिकों के बीच संबंधों को और अधिक मजबूत एवं विस्तारित करने जैसे विषय शामिल हैं।

विदेश मंत्रालय ने विश्वास व्यक्त किया है कि नियमित उच्चस्तरीय आदान-प्रदान की कड़ी के रूप में हो रही यह यात्रा नेपाल और भारत के बीच कूटनीतिक, ऐतिहासिक तथा बहुआयामी संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ तथा सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विदेश मंत्री शिशिर खनाल 7 जून को स्वदेश लौटेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0