दमन तेजी से “मिनी इंडिया” के रूप में विकसित हो रहाः प्रधानमंत्री

05 Jun 2026 22:36:53
दमन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी


- प्रधानमंत्री ने दमन को नमो एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन-नमो अस्पताल सहित ₹3,000 करोड़ की 53 विकास परियोजनाओं की दी सौगात

दमन, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को गुजरात के सूरत के बाद दमन पहुंचे, यहां उन्होंने नमो एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन एवं नमो अस्पताल सहित करीब ₹3,000 करोड़ की 53 विकास परियोजनाओं की सौगात दमनवासियों को दी। इनमें 38 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 15 नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य दमन में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार कर समग्र विकास को गति देना है।

प्रधानमंत्री के दमन आगमन पर भव्य रोड शो का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क के दोनों ओर खड़े होकर उनका स्वागत किया और मोदी-मोदी के नारों से माहौल गूंज उठा। रोड शो के बाद प्रधानमंत्री ने नाइट मार्केट का भी दौरा किया और स्थानीय गतिविधियों की जानकारी ली।

इसके बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दमन तेजी से “मिनी इंडिया” के रूप में विकसित हो रहा है। यहां देश के विभिन्न हिस्सों के लोग रहते हैं, जो भारत की विविधता और एकता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने कहा कि दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन-दीव के लोगों ने वर्षों तक विकास का सपना देखा था और अब वह सपना तेजी से साकार हो रहा है।

प्रधानमंत्री ने दमन से ही लक्षद्वीप के लिए लगभग ₹885 करोड़ की चार महत्वपूर्ण परियोजनाओं का ऑनलाइन शिलान्यास भी किया। इन परियोजनाओं के तहत कल्पेनी और कदमत द्वीपों में आधुनिक बंदरगाहों का विकास किया जाएगा, जिससे समुद्री संपर्क, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों और संकटों के बावजूद भारत निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि देश विकास, सुधार और परिवर्तन की नीति के साथ आगे भी नई उपलब्धियां हासिल करता रहेगा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए हरित ऊर्जा, सौर ऊर्जा और वृक्षारोपण को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0