पीओके में हड़ताल से निपटने के लिए अतिरिक्त बल तैनात करने का फैसला

05 Jun 2026 07:28:53
सांकेतिक।


मुजफ्फराबाद (पीओके) पाकिस्तान, 05 जून (हि.स.)। संघीय सरकार ने पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (पीओके) में नौ जून को ज्वाइंट अवामी एक्शन कमेटी के विरोध प्रदर्शन (हड़ताल) के आह्वान के मद्देनजर अतिरिक्त सिविल आर्म्ड फोर्स और पुलिस कर्मियों को तैनात करने का फैसला किया गया है। स्थानीय सरकार ने पर्यटकों के लिए चेतावनी भी जारी है।

दुनिया न्यूज की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि 1,000 पंजाब रेंजर्स और 2,000 फ्रंटियर कांस्टेबुलरी के जवानों को पीओके भेजा जाएगा।। इसके अलावा, पीओके में इस्लामाबाद पुलिस के 2,000 अधिकारी और सिंध पुलिस के 1,000 अधिकारी भी तैनात किए जाएंगे। पीओके सरकार ने पर्यटकों के लिए चेतावनी भी जारी की है।

पीओके सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे प्रांत में प्रवेश करने से बचें और पांच जून से 20 जून के बीच गैरजरूरी यात्रा न करें। जो लोग पर्यटन या अन्य उद्देश्यों से इस क्षेत्र की यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, उन्हें अपनी यात्रा स्थगित करने की सलाह दी गई है। सरकार ने परामर्श में कहा कि विरोध प्रदर्शन की संभावना के कारण लोगों को यात्रा करने से बचना चाहिए। जो पर्यटक और तीर्थयात्री अभी इस क्षेत्र में हैं, उन्हें पांच जून की शाम तक यहां से चले जाने का निर्देश दिया गया है।

सरकार ने यह भी चेतावनी दी है कि विरोध प्रदर्शन के आह्वान से पूरे पीओके में पर्यटन गतिविधियों पर असर पड़ सकता है। अधिकारियों ने कहा कि पर्यटकों और यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एहतियाती उपाय के तौर पर संभावित विरोध प्रदर्शनों और लोगों की आवाजाही में रुकावट की आशंका को देखते हुए एक विशेष परामर्श जारी किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0