विश्व योगासन चैंपियनशिप में भारत की दमदार शुरुआत, पहले दिन जीते पांच स्वर्ण पदक

05 Jun 2026 20:56:53
अभय बर्मन और रितु मंडल


अहमदाबाद, 05 जून (हि.स.)।मेजबान भारत ने पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले दिन दांव पर लगे छह में से पांच स्वर्ण पदक जीतकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। एका एरिना में आयोजित इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआती मुकाबलों से ही दबदबा कायम रखा।

पश्चिम बंगाल के अभय बर्मन और रितु मंडल ने पारंपरिक योगासन वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर भारत के स्वर्णिम अभियान की शुरुआत की।

सीनियर पुरुष वर्ग में अभय बर्मन ने 63.42 अंक हासिल कर विश्व योगासन चैंपियनशिप का पहला स्वर्ण भारत के नाम किया। इंडोनेशिया के अर्कान रियांतो 57.23 अंकों के साथ रजत और उज्बेकिस्तान के एलन 53.21 अंकों के साथ कांस्य पदक विजेता बने।

अपनी उपलब्धि पर अभय बर्मन ने कहा,“विश्व योगासन चैंपियनशिप का पहला स्वर्ण भारत के लिए जीतना मेरे जीवन का यादगार पल है। घरेलू दर्शकों के सामने खेलना मेरे लिए अतिरिक्त प्रेरणा लेकर आया।”

इसके बाद सीनियर महिला वर्ग में रितु मंडल ने 64.33 अंक लेकर भारत को दूसरा स्वर्ण दिलाया। कजाखस्तान की ऐझान कुआनिशबायेवा ने रजत और हांगकांग की लैम न्गा मान ने कांस्य पदक जीता।

रितु मंडल ने कहा,“यह प्रतियोगिता योगासन खिलाड़ियों के लिए ऐतिहासिक अवसर है। 12 वर्ष की उम्र से शुरू किए गए सफर के बाद 20 वर्ष की उम्र में भारत के लिए पदक जीतना बेहद खास है।”

भारत को एकमात्र झटका सीनियर ए पुरुष वर्ग में लगा, जहां सिंगापुर के नाथानियल टैन लियोंग आन ने 55.37 अंकों के साथ स्वर्ण जीतकर भारतीय क्लीन स्वीप रोक दी। तंजानिया के करिमु स्वाफी को रजत मिला जबकि भारत के सुमिर ग्नावली ने कांस्य पदक जीता।

हालांकि भारत ने तुरंत वापसी की और सीनियर ए महिला वर्ग में रितु ठाकुर ने 63.50 अंक लेकर स्वर्ण अपने नाम किया। अर्जेंटीना की नबिला सोल बर्राजा दूसरे और केन्या की अवोर साउलिन्हा तीसरे स्थान पर रहीं।

सीनियर बी पुरुष वर्ग में रोशन थापा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 65.67 अंक हासिल किए और भारत को एक और स्वर्ण पदक दिलाया। बांग्लादेश के मोहम्मद मामून खान बाबू को रजत तथा किर्गिस्तान के दानिल रिकोव को कांस्य पदक मिला।

दिन का समापन भारत की ज्योति देउरकर ने ट्विस्टिंग बॉडी व्यक्तिगत सीनियर बी महिला वर्ग में स्वर्ण जीतकर किया। उन्होंने 46.14 अंक प्राप्त किए। ओमान की ओलिमुथु नवामणि को रजत और जापान की साओरी क्युएई को कांस्य मिला।

विश्व योगासन चैंपियनशिप 2026 योगासन को वैश्विक प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। प्रतियोगिता को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, आयुष मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण, गुजरात खेल प्राधिकरण, गुजरात पर्यटन और गुजरात योगासन खेल संघ का सहयोग प्राप्त है।

भारत ने इस प्रतियोगिता में 122 सदस्यीय दल उतारा है, जो छह आयु वर्गों में हिस्सा ले रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0