उतार-चढ़ाव के बाद लाल निशान में बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के

05 Jun 2026 17:40:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 05 जून (हि.स.)। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जीडीपी ग्रोथ के अनुमान में कटौती करने और महंगाई की तेज रफ्तार का अनुमान लगाने, आईटी और मेटल सेक्टर में जोरदार बिकवाली होने तथा कमजोर वैश्विक संकेतों के कारण घरेलू शेयर बाजार आज गिरावट के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। शुरुआती कारोबार में खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में और मजबूती आई। हालांकि यह मजबूती अधिक देर तक टिक नहीं सकी।

भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा मॉनिटरी पॉलिसी के साथ ही महंगाई और ग्रोथ से जुड़े अपने अनुमानों का खुलासा करने के बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक लुढ़क कर लाल निशान में पहुंच गए। पूरे दिन शेयर बाजार में लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान चलती रही, जिसकी वजह से दोनों सूचकांकों की चाल भी लगातार ऊपर नीचे होती रही। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.16 प्रतिशत और निफ्टी 0.21 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान मीडिया, रियल्टी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर के शेयरों में जम कर खरीदारी होती रही। इसके अलावा बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, एफएमसीजी और हेल्थकेयर इंडेक्स भी हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, एनर्जी, टेलीकॉम और आईटी सेक्टर में आज लगातार बिकवाली होती रही। इसी तरह मेटल, ऑयल एंड गैस, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, टेक और कैपिटल गुड्स इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.35 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉल कैप इंडेक्स ने 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आए उतार चढ़ाव के बावजूद स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 461.59 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 461.45 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 14 हजार करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,399 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,056 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,138 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 205 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,999 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1384 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,615 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 13 शेयर बढ़त के साथ और 17 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 23 शेयर हरे निशान में और 27 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 269.93 अंक की मजबूती के साथ 74,629.94 अंक के स्तर पर खुला।

कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिससे इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स 357.56 अंक की तेजी के साथ 74,717.57 अंक तक पहुंचा। वहीं बिकवाली का दबाव बनने पर इसने 371.26 अंक टूट कर 73,988.75 अंक के स्तर तक गोता भी लगाया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 116.67 अंक की कमजोरी के साथ 74,243.34 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 62.40 अंक उछल कर 23,478.95 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही तेजड़ियों और मंदड़ियों के बीच एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश शुरू हो गई, जिसके कारण इस सूचकांक की चाल में भी पूरे दिन उतार चढ़ाव होता रहा। खरीदारी का सपोर्ट मिलने से निफ्टी 99.80 अंक की छलांग लगा कर 23,516.35 अंक तक पहुंचने में सफल रहा। दूसरी ओर, बिकवाली का दबाव बढ़ने पर यह सूचकांक 133.90 अंक लुढ़क कर 23,282.65 अंक के स्तर तक गिर भी गया। दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद निफ्टी 49.85 अंक की गिरावट के साथ 23,366.70 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से अदानी एंटरप्राइजेज 2.54 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 2.02 प्रतिशत, अदानी पोर्ट्स 1.86 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 1.72 प्रतिशत और एक्सिस बैंक 1.52 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 2.93 प्रतिशत, विप्रो 2.91 प्रतिशत, ट्रेंट लिमिटेड 2.23 प्रतिशत, कोल इंडिया 1.94 प्रतिशत और टीसीएस 1.88 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0