तीन दिवसीय बिहार दौरे पर पटना पहुंचे संघ प्रमुख मोहन भागवत, मुंगेर में संघ शिक्षा वर्ग के दौरान स्वयंसेवकों का करेंगे मार्गदर्शन

07 Jun 2026 16:48:53
आरएसएस के सर संघचालक डॉ मोहन भागवत और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना एयरपोर्ट पर एक साथ


पटना, 07 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन राव भागवत शनिवार दोपहर अपने तीन दिवसीय बिहार प्रवास पर पटना पहुंचे। पटना हवाई अड्डे पर उनका स्वागत प्रदेश के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित संघ और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने किया।

पटना पहुंचने के बाद डॉ. भागवत शाम को मुंगेर के लिए रवाना होंगे, जहां वे 7 जून से 9 जून तक आयोजित विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इस दौरान उनका प्रमुख कार्यक्रम मुंगेर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर, पुरानीगंज परिसर में आयोजित संघ शिक्षा वर्ग में शामिल होना है। संघ के इस प्रशिक्षण वर्ग में बिहार सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब 700 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं।

संघ शिक्षा वर्ग को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रमों में माना जाता है। इस वर्ग में स्वयंसेवकों को संगठन की कार्यपद्धति, अनुशासन, सामाजिक दायित्वों और राष्ट्र जीवन से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाता है। डॉ. भागवत अपने प्रवास के दौरान स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करेंगे और उनसे संवाद भी करेंगे।

संघ प्रमुख अपने संबोधन में स्वयंसेवकों को संघ की विचारधारा, संगठन के आगामी कार्यक्रमों और शताब्दी वर्ष के आयोजनों के संबंध में जानकारी देंगे। साथ ही वे राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में स्वयंसेवकों की भूमिका, सामाजिक समरसता, सेवा कार्यों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संगठन की पहुंच बढ़ाने जैसे विषयों पर भी विचार साझा करेंगे।

संघ के शताब्दी वर्ष को लेकर देशभर में विशेष कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है। इसी क्रम में स्वयंसेवकों को अधिक सक्रिय भूमिका निभाने, समाज के विभिन्न क्षेत्रों में संवाद बढ़ाने तथा सेवा गतिविधियों को विस्तार देने पर भी जोर दिया जाएगा।

अपने तीन दिवसीय प्रवास के दौरान डॉ. भागवत संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ भी बैठक कर सकते हैं, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों, विस्तार योजनाओं और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा किए जाने की संभावना है। हालांकि आधिकारिक तौर पर बैठक के विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी साझा नहीं की गई है।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से संघ अपनी विचारधारा, सेवा गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यों को समाज के व्यापक वर्गों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा है। बिहार दौरे को भी इसी व्यापक अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Powered By Sangraha 9.0