एलपीजी कीमतों में बढ़ोतरी पर खरगे का केंद्र पर हमला, बोले- बढ़ती महंगाई ने बिगाड़ा आम जनता का बजट

07 Jun 2026 12:55:53
काँग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे


नई दिल्ली, 07 जून (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रसोई गैस के लगातार बढ़ते दामों ने आम लोगों, खासकर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की आर्थिक परेशानियों को बढ़ा दिया है। महंगाई के कारण घरेलू बजट पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है और आम उपभोक्ताओं की रसोई का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है।

रविवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस दावे का उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने संसद में पश्चिम एशिया में संघर्ष जैसी परिस्थितियों के बावजूद 41 देशों से ईंधन आपूर्ति के विविधीकरण की बात कही थी। कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि यदि सरकार ने ऊर्जा आपूर्ति के इतने व्यापक विकल्प विकसित कर लिए हैं, तो ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी एलपीजी की उपलब्धता और उपभोग को लेकर समस्याएं क्यों बनी हुई हैं।

खरगे ने दावा किया कि पिछले चार महीनों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 89 रुपये की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच रसोई गैस की कीमतों में लगातार इजाफा परिवारों के मासिक खर्च को गंभीर रूप से प्रभावित कर रहा है और इसका सबसे अधिक असर निम्न एवं मध्यम आय वर्ग पर पड़ रहा है।

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का उल्लेख करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में योजना के 5.56 करोड़ लाभार्थी परिवारों ने केवल एक या उससे कम बार गैस सिलेंडर रिफिल कराया। उन्होंने दावा किया कि इनमें से लगभग 3.30 करोड़ परिवार ऐसे हैं जिन्होंने एक भी सिलेंडर रिफिल नहीं कराया। उनके अनुसार यह स्थिति दर्शाती है कि बढ़ती कीमतों के कारण बड़ी संख्या में गरीब परिवार एलपीजी का नियमित उपयोग करने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार से जवाब मांगते हुए कहा कि क्या यह स्थिति गैस की लगातार बढ़ती कीमतों और मौजूदा नीतियों का परिणाम नहीं है। खरगे ने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई को नियंत्रित करने में असफल रही है और इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर राजनीतिक हमला करते हुए कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान भाजपा और नरेन्द्र मोदी महंगाई के मुद्दे को लेकर लगातार सरकार की आलोचना करते थे। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में लगभग 530 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जिससे उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।

खरगे ने मांग की कि केंद्र सरकार एलपीजी की कीमतों में राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाए और गरीब परिवारों को सस्ती रसोई गैस उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस पहल करे, ताकि उज्ज्वला योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक रूप से जरूरतमंद लोगों तक पहुंच सके।---------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0